- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- शहर में तूफान मोंथा का असर, दिन भर...
Jabalpur News: शहर में तूफान मोंथा का असर, दिन भर चला बारिश का दौर

Jabalpur News: तूफान मोंथा के असर से शहर में सर्दियों की शुरुआत में सावन सी रिमझिम के साथ तेज बारिश भी हुई। गुरुवार सुबह से बादल घिरे और अपरान्ह 12 बजे के करीब जो बारिश शुरू हुई तो धीमे-धीमे यह तेज बरसात में तब्दील हो गई। बारिश का यह क्रम रिमझिम-रिमझिम देर रात तक चलता रहा। दिन में कई बार सावन की झड़ी का अहसास हुआ। एक्सपर्ट के अनुसार यह चक्रवाती तूफान का असर है जो अगले एक से दो दिन में कम होगा, तब आसमान साफ हो जाएगा।
इससे पहले हल्के बादलों के साथ संभाग के जिलों में कहीं-कहीं बारिश का क्रम बना रहेगा। गुरुवार को सुबह से  रात तक 35.6 एमएम बारिश हुई, जो डेढ़ इंच के करीब है। शहर में बादल और बारिश के प्रभाव के चलते दिन के तापमान में कमी आई है। अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री दर्ज किया गया, यह सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया, यह सामान्य से 5 डिग्री अधिक रहा। बादलों की वजह से रात का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज हो रहा है। शहर के आसपास अभी उत्तर पूर्वी हवाएं चल रही हैं। अगले 24 घंटे में बारिश की संभावना है।
मोंथा चक्रवात का ऐसे हुआ असर
दक्षिण छत्तीसगढ़ एवं इससे सटे विदर्भ के ऊपर स्थित प्रचंड चक्रवाती तूफान मोंथा का अवशेष कमजोर होकर निम्न दाब में बदला है, साथ ही पूर्वी मध्य प्रदेश निम्न दाब क्षेत्र में परिवर्तित हो गया है। अगले 24 घंटे में इसका प्रभाव कम होने की संभावना है।
तीन तरह के सिस्टम बारिश करा रहे
अरबसागर में डिप्रेशन (अवदाब) और बंगाल की खाड़ी में डीप डिप्रेशन (गहरे अवदाब) के साथ उत्तरी हिस्से में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवात) एक्टिव है। इन तीनों सिस्टम का असर मध्यप्रदेश में भी देखने को मिल रहा है।
Created On :   31 Oct 2025 7:13 PM IST












