- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- पुलिस से धक्का-मुक्की मामले में...
jabalpur news: पुलिस से धक्का-मुक्की मामले में कांग्रेस नेताओं पर एफआईआर

जबलपुर। लार्डगंज थाना क्षेत्र स्थित मालवीय चौक पर मंगलवार को कांग्रेस द्वारा आयोजित विरोध-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कोतवाली थाना प्रभारी के बीच धक्का-मुक्की की घटना हुई थी। उक्त मामले में कांग्रेस नेताओं के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार मालवीय चौक पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच झड़प व धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद फुटेज की पड़ताल की गई। इसी आधार पर कांग्रेस नेता आलोक मिश्रा और चिंटू चौकसे सहित अन्य के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने और झूमाझपटी करने आदि धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों के साथ अभद्रता की और सरकारी कार्य में व्यवधान उत्पन्न किया। वहीं कांग्रेस नेताओं का कहना है कि वे शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे और पुलिस ने ही अनावश्यक बल का प्रयोग किया था।
युकां व एनएसयूआई आज करेगी पुतला दहन -
कांग्रेस नेताओं के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर के विरोध में युवक कांग्रेस और एनएसयूआई द्वारा गुरुवार को दोपहर 2 बजे एसपी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया जाएगा। बताया गया है कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस अधिकारियों का पुतला दहन भी किया जाएगा।
Created On :   22 July 2026 11:05 PM IST












