jabalpur news: समय पर काम न करने वाले पटवारियों को नोटिस, अगली बैठक में काम पूरा नहीं हुआ तो निलंबन होगा

समय पर काम न करने वाले पटवारियों को नोटिस, अगली बैठक में काम पूरा नहीं हुआ तो निलंबन होगा
बिना सूचना अवकाश पर रहने वाले पटवारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश

जबलपुर। शहपुरा तहसील कार्यालय में बुधवार को राजस्व कार्यों की समीक्षा कर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने पटवारियों द्वारा समय सीमा के भीतर कार्य न करने की शैली पर कड़ी अापत्ति दर्ज की। उन्होंने लंबित सीमांकन प्रकरणों की समीक्षा में पाया कि समय सीमा में प्रकरणों का िनराकरण नहीं किया गया, जिसके चलते संबंधित पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि अगली बैठक तक कार्य पूरा नहीं हुआ तो संबंधितों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। बैठक में दौरान कई पटवारी अवकाश पर पाए गए। कलेक्टर श्री सिंह ने बिना सूचना अवकाश पर रहने वाले पटवारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश भी दिए।

वहीं जनसुनवाई में प्राप्त अवैध उत्खनन के मामले को गंभीरता से लेते हुए श्री सिंह ने पटवारियों द्वारा रेत डम्प की जानकारी समय पर न दिए जाने पर संबंधित पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी पटवारियों से कहा कि नामांतरण व बंटवारा में विलंब नहीं होना चाहिए। कहीं भी अवैध माइनिंग की कार्रवाई भी न हो।

संपत्ति कर वसूलने पर दिया जोर:

कलेक्टर श्री सिंह ने शहपुरा में आयोजित कार्यशाला में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पंचायतों में संपत्ति कर की वसूली को बेहतर बनाया जाए, जिसमें वेयरहाउस, अवैध काॅलोनियों अौर व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का संपत्ति कर अनिवार्य रूप से वसूला जाए। इसके साथ ही हर परिवार से पेयजल और सफाई को लेकर न्यूनतम एक सौ रुपए प्रतिमाह लिया जाए। इस दौरान जिपं सीईओ अभिषेक गहलोत ने ग्राम पंचायतों के कार्यों की स्थिति की जांच की और जहां भी कार्य में कमियां पाई गईं। वहां संबंधित सचिवों और उप यंत्रियों को आवश्यक सुधार तथा त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

शिक्षा की गुणवत्ता पर रहे फोकस:

कलेक्टर श्री सिंह ने यहां शिक्षा, स्वास्थ्य एवं कृषि विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की। इस दौरान उन्होंने विद्यालयाें में बच्चों के नामांकन, पाठ्यपुस्तक वितरण, साइकिल वितरण तथा विद्यालयों में प्रवेश की स्थिति व शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने पर विशेष फोकस रखने कहा। उन्होंने कम नामांकन वाले विद्यालयों की समीक्षा करते हुए जनशिक्षक एवं सुपरवाइजर को कारण बताओ नोटिस जारी कर वेतन रोकने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने चाइल्ड ट्रैकिंग सर्वे के दौरान पलायन करने वाले परिवारों की सूची तैयार करने व उनका सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का अनुमान लगाने की बजाय प्रत्येक बच्चे की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जाए। उन्होंने नियमित भ्रमण नहीं करने वाले जनशिक्षकों का वेतन काटने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्वास्थ्य व महिला बाल विकास विभाग की समीक्षा करते हुए सभी गर्भवती महिलाओं का समय पर एएनसी पंजीयन व इसका फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


आमजनों से संवाद कर सुनीं समस्याएं

शहपुरा प्रवास के दाैरान कलेक्टर श्री सिंह ने आमजनों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान लोगों ने खाद उपलब्ध नहीं होने, राशन कार्ड, सीमांकन, बंटवारा तथा पात्रता पर्ची से संबंधित समस्याएं बताईं। श्री सिंह ने सभी प्रकरणों में त्वरित नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

Created On :   22 July 2026 11:46 PM IST

Next Story