ये है उच्च शिक्षा: 1 जुलाई से क्लास शुरू करने के आदेश, जारी हुए 20 जुलाई को

1 जुलाई से क्लास शुरू करने के आदेश, जारी हुए 20 जुलाई को
सभी कॉलेजों में अभी भी परीक्षाएं चल रहीं, ऐसे में पढ़ाई के लिए तरस जाएंगे नव प्रवेशित छात्र-छात्राएं

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। मध्यप्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षण सत्र 2026-27 के लिए 20 जुलाई को स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं के लिए शैक्षणिक कैलेेंडर जारी किया गया है। इस कैलेेंडर में कक्षाएं आरम्भ करने की तिथि 1 जुलाई निर्धारित की गई है। अब इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि जब शैक्षणिक कैलेंडर ही समय पर जारी नहीं किया जा सकता है तो फिर कैलेेंडर के अनुसार शैक्षणिक सत्र कैसे चलेगा।

वहीं विश्वविद्यालय द्वारा काॅलेजों की परीक्षाओं के लिए लगभग सभी सरकारी और बड़े कॉलेजों को सेंटर बना दिया गया है जिससे अब इनमें अगस्त में भी कक्षाएं लगने की संभावना नहीं है। ऐसे में नए-नए काॅलेज पहुंचने वाले छात्र-छात्राओं को भारी निराशा हो रही है।

उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी किए गए कैलेेंडर के अनुसार सेमेस्टर कक्षाओं की स्नाताकोत्तर प्रथम और तृतीय वर्ष की कक्षाएं 1 जुलाई से शुरू करने के निर्देश हैं, जबकि स्नाताकोत्तर की द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर की कक्षाएं 15 दिसम्बर से शुरू होंगी।

स्नातकोत्तर प्रथम और तृतीय का आंतरिक मूल्यांकन कार्य अगस्त प्रथम सप्ताह से सितम्बर के अंतिम सप्ताह के मध्य होगा, जबकि स्नातकोत्तर द्वितीय और चतुर्थ का यह कार्य फरवरी प्रथम सप्ताह से मार्च 2027 के अंतिम सप्ताह के मध्य होगा। इसी प्रकार स्नातक स्तर की कक्षाओं का शिक्षण कार्य भी 1 जुलाई से शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

छात्र संघ का गठन सितम्बर में-स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर में छात्र संघ के गठन का प्रावधान भी शैक्षणिक कैलेंडर में किया गया है। इसके अनुसार सितम्बर माह में छात्र संघ गठन किया जाएगा। अब यह किस प्रकार होगा यह जल्द ही तय किया जाएगा।

28 जुलाई से 17 अगस्त तक चलेंगी परीक्षाएं

बताया जाता है कि 28 जुलाई से 17 अगस्त तक बीकॉम फर्स्ट ईयर की परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। यह परीक्षाएं सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक होंगी। इसके चलते सभी महाविद्यालयों की बैठक व्यवस्था में फेरबदल किया गया है और ऐसे में कक्षाएं कैसे लगेंगी यह समझ से परे है जब परीक्षाएं संचालित की जाएंगी। वहीं 10 से 24 जुलाई तक बीकॉम द्वितीय वर्ष के एग्जाम संचालित हाे रहे हैं।

Created On :   22 July 2026 4:18 PM IST

Tags

Next Story