- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- तेज रफ्तार वाहनों से हो रहे हादसे,...
Jabalpur News: तेज रफ्तार वाहनों से हो रहे हादसे, स्पीड ब्रेकर्स का भी पता नहीं, घुमावदार रोड से और बढ़ रहे हैं खतरे
Jabalpur News: रामपुर से शक्ति भवन की ओर जाने वाली सड़क शहर की खतरनाक सड़कों में कुख्यात हाे गई है। यहां तेज रफ्तार वाहनों से रोजाना हादसे हो रहे हैं। इस सड़क पर वाहन चालक इतनी अधिक रफ्तार से वाहन दौड़ाते हैं कि आए दिन यहां कोई न कोई घायल हो रहा है। ऐसे में न सिर्फ वाहन चालकों की जान पर खतरा मंडरा रहा है, बल्कि सड़क पर पैदल चलने वाले लोगों की जान भी जोखिम में पड़ रही है। क्षेत्रीय लोगों और व्यापारियों की मानें तो यहां दिन में कई-कई बार दुर्घटनाएं हो रही हैं। घुमावदार और खतरनाक मोड़ के साथ सड़क पर तेज रफ्तार से दौड़ते वाहन इन दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं।
क्षेत्रीय नागरिक प्रवीण विश्वकर्मा, प्रवेश खेड़ा, महबूब खान और आनंद शुक्ला ने बताया कि शक्ति भवन रोड पर यह समस्या आम हो गई है। यहां घुमावदार सड़क पर अक्सर तेज गति से भाग रहे वाहनों से दुर्घटनाएं होती हैं। वाहन चालक गति सीमा का पालन नहीं करते, जिससे दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। इस सड़क पर आसपास कॉलोनियों के अलावा विद्युत विभाग का मुख्यालय, गोरखपुर तहसील कार्यालय, नगर निगम जोन कार्यालय और पुलिस उप महानिरीक्षक कार्यालय जैसे कई महत्वपूर्ण सरकारी दफ्तर हैं। यहां दिन भर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। सरकारी कार्यालयों में आने वाले लोगों के अलावा स्कूल-कॉलेज के छात्र भी इस सड़क से आवाजाही करते हैं। व्यस्त मार्ग होने के बाद भी यहां सड़क हादसों को रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा।
कई हादसे हुए सीसीटीवी कैमरों में कैद
शक्ति भवन और रामपुर के बीच विगत दिनों कई सड़क हादसे हुए हैं। इन हादसाें की तस्वीरें आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई हैं। यहां रहने वाले लोगों ने बताया कि हाल ही में शक्ति भवन की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी बाइक और डिस्प्ले बोर्ड को टक्कर मार दी थी। इसके पहले रामपुर से शक्ति भवन की ओर तेज गति से जा रहा लोडिंग वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया था। इसके कुछ दिन पहले तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर फुटपाथ के किनारे खड़े वाहनों से जा टकराई थी। इन घटनाओं से स्थानीय लोग दहशत में हैं। नागरिकों ने मांग की है कि शक्ति भवन रोड पर ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार किया जाए। लोगों ने यहां पर स्पीड ब्रेकर बनाए जान की मांग भी की है।
वाहनों का तेज साइलेंसर बना परेशानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों पर दौड़ते वाहनों में तेज साइलेंसर का उपयोग एक बड़ी समस्या बनता जा रहा है। ये वाहन ध्वनि प्रदूषण का कारण बन रहे हैं, साथ ही आसपास रहने वाले और सड़क पर चलने वाले लोगों के लिए खतरा भी बन गए हैं। तेज साइलेंसर वाले वाहनों से निकलने वाला ध्वनि प्रदूषण एक बड़ी समस्या बनता जा रहा है।
स्टंट कर रहे वाहन चालक } क्षेत्रीय लोगों और व्यापारियों ने बताया कि सड़क से गुजरने वाले कुछ वाहन चालक स्टंट करते हुए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। इससे न केवल वे खुद दुर्घटना का शिकार हो रहे, बल्कि अन्य लोगों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। पुलिस विभाग द्वारा ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही, जिससे उनके हौसले बुलंद हैं।
ये भी एक्सीडेंटल प्वाॅइंट
उखरी तिराहा }वाहनों का अक्सर जमावड़ा लगा रहता है। समस्या के हल के लिए कोई प्रयास भी नहीं।
खजरी खिरिया बायपास चौराहा }तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के बीच रोड क्रॉस करना जोखिम भरा है।
रामपुर से शक्ति भवन की ओर जाने वाले मार्ग का निरीक्षण किया जाएगा। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों का उल्लंघन और स्टंट करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
- बैजनाथ प्रजापति, उप पुलिस अधीक्षक यातायात
Created On :   11 Oct 2025 6:57 PM IST