Jabalpur News: प्रशासन के दावों पर भारी एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी

प्रशासन के दावों पर भारी एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी
सोमवार को भी गैस एजेन्सियों के बाहर लगी रहीं लंबी कतारें

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। ईरान-इजराइल युद्ध के कारण एलपीजी की किल्लत थमने का नाम नहीं ले रही। ये समस्या दिन प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही है। एक तरफ प्रशासन के दावे हैं कि गैस बुकिंग के साथ सिलेंडरों की पर्याप्त मात्रा मौजूद है, लेकिन गैस एजेन्सियों में खाली सिलेंडर के साथ लोगों की लंबी कतारें कम ही नहीं हो रहीं। सोमवार को भी शहर की सभी एजेन्सियों के बाहर लोगों का जमघट लगा रहा।

कई जगहों पर तो सुबह 5 बजे से ही लोग सिलेंडर लेकर खड़े होते दिखाई दिए। प्रशासन के दावों के बीच कालाबाजारी करने वाले भी अपने काम को बखूबी अंजाम दे रहे हैं। सूत्रों के अनुसार सिलेंडर के लिए लगने वाली लाइनों में कई दलाल भी सक्रिय हैं, जो घरेलू सिलेंडर 12 से 15 सौ और कमर्शियल सिलेंडर 2 से ढाई हजार रुपए में बेच रहे हैं।

कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई को लेकर उड़ीं अफवाहें

होटल व रेस्टाॅरेंटों में कमर्शियल सिलेंडर पर लगे प्रतिबंध के बीच कई तरह की खबरों का बाजार भी गर्म है। सोमवार को ऐसी ही एक खबर जिसमें जबलपुर समेत प्रदेश के कई शहरों में होटल-रेस्टाॅरेंटों को कमर्शियल गैस सिलेंडर प्रदान करने की बात कही गई थी। लेकिन फूड कंट्रोलर सीमा बरोसिया का कहना है कि इस बात की जानकारी उन्हें भी लगी थी, लेकिन इस संबंध में किसी भी तरह का आधिकारिक आदेश पत्र उन्हें नहीं मिला है।

केवायसी के बहाने ग्राहकों को भटकाया जा रहा

सिलेंडर के लिए लाइन लगाने वालों का आरोप है कि सिलेंडर की बुकिंग के लिए कुछ दिन पहले तक मोबाइल पर ऑनलाइन बुकिंग हो जाती थी और दो से तीन दिन में घर तक सिलेंडर पहुंचा दिया जाता था, लेकिन जब से गैस की किल्लत शुरू हुई है, बुकिंग वाले नंबर लग ही नहीं रहे।

हालांकि कुछ पेट्रोलियम कंपनियों द्वारा मैसेज भेजकर बुकिंग की टाइम लिमिट बताई जा रही है। मोबाइल पर नंबर नहीं लगने पर जब लोग एजेन्सी पहुंचकर बुकिंग कराने के लिए कहते हैं, तो उन्हें केवायसी अपडेट कराने के नाम पर वापस लौटा दिया जाता है।

Created On :   17 March 2026 6:36 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story