Jabalpur News: डायरिया व बुखार के मरीज बढ़े, तापमान में बदलाव से परेशानी

डायरिया व बुखार के मरीज बढ़े, तापमान में बदलाव से परेशानी
जिला अस्पताल की ओपीडी-आईपीडी में उपचार के लिए आ रहे पीड़ित, चिकित्सक दे रहे गर्मी से बचने की सलाह

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। बीते कुछ दिनों से तापमान में हो रहे बदलाव ने शहर में उल्टी-दस्त और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ा दी है। शासकीय अस्पतालों से लेकर निजी अस्पतालों तक ओपीडी में पेशेंट आम दिनों के मुकाबले अधिक पहुंच रहे हैं। मरीजों में बच्चों की संख्या अच्छी-खासी है। इनमें से बड़ी संख्या डायरिया और वायरल फीवर से पीड़ित मरीजों की है।

गर्मी ने तनाव के मरीज भी बढ़ा दिए हैं। जिला अस्पताल में सोमवार को सिर्फ मेडिसिन ओपीडी में बस 409 मरीज आए जबकि बीते एक सप्ताह में 2316 मरीज ओपीडी पहुंचे। मेडिकल कॉलेज की ओपीडी के भी लगभग यही हाल हैं। चिकित्सकों के अनुसार गर्मी से बचाव की जरूरत है। ओ.आर.एस. का घोल, नारियल पानी, छाछ, नींबू पानी, फलों का रस इत्यादि का सेवन लाभदायक होता है। इन सभी उपायों का उपयोग कर गर्मी के प्रभाव से बचा जा सकता है।

बढ़ गए मरीज, भरे हुए हैं वार्ड

जिला अस्पताल में उल्टी-दस्त, हीट स्ट्रोक, गेस्ट्राइटिस, मलेरिया और वायरल फीवर जैसी बीमारियाें के मरीज ओपीडी में आ रहे हैं। मरीजों की संख्या ओपीडी में बढ़ी है। इसके अलावा बीपी, दमा, हाइपरटेंशन, डायबिटीज पीड़ित भी लगातार आते हैं। विक्टोरिया के कुछ वार्डों में बेड भरने की स्थिति बन गई है।

मेडिसिन ओपीडी में डायरिया, बुखार जैसी समस्याएं लेकर मरीज आ रहे हैं। अस्पताल की ओपीडी में बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं, जिसके हिसाब से इंतजाम किए गए हैं।

डॉ. नवीन कोठारी, सिविल सर्जन

इन लक्षणों पर दें ध्यान

चिकित्सकों ने बताया कि पसीना न आना, गर्म-लाल एवं शुष्क त्वचा, मतली, सिरदर्द, थकान, चक्कर आना, उल्टियां होना, बेहोश हो जाना एवं पुतलियां छोटी हो जाना लू (तापघात) के प्रमुख लक्षण एवं संकेत हैं।

पिछले 7 दिन में मेडिसिन ओपीडी में आए मरीज

दिन मरीज

09 मार्च 352

10 मार्च 347

11 मार्च 322

12 मार्च 317

13 मार्च 286

14 मार्च 283

16 मार्च 409

गर्मी से बचाव के लिए

>खूब पानी पीएं व खाली पेट न रहें।

> मादक पदार्थ व चाय-कॉफी के सेवन से बचें।

> नहाने में ठंडे पानी का इस्तेमाल करें।

> सिर ढंकें व हल्के रंग के ढीले व पूरी बांह के कपड़े पहने।

> छतरी व धूप के चश्मे का उपयोग करें।

Created On :   17 March 2026 6:05 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story