Jabalpur News: शास्त्री ब्रिज के किनारे हो रही कचरे की डंपिंग, कई बार लग चुकी है आग

शास्त्री ब्रिज के किनारे हो रही कचरे की डंपिंग, कई बार लग चुकी है आग
शिकायत के बाद भी नहीं हटाया जा रहा कचरा, आसपास के लोग हो रहे परेशान, बढ़ा अग्नि हादसे का खतरा

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। नगर निगम द्वारा लंबे समय से शास्त्री ब्रिज के किनारे कचरे की डंपिंग की जा रही है। यहां पर पिछले 15 दिन में तीन बार आग लग चुकी है। कचरे में आग लगने से आसपास रहने वाले लोग दहशत में हैं, इसके बाद भी यहां से कचरा हटाने की कार्रवाई नहीं की जा रही है। क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि डोर-टू-डोर कचरा गाड़ियों के जरिए एकत्रित होने वाले कचरे को वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट कठौंदा भेजा जाता है।

नगर निगम के कर्मचारी कचरा एकत्रित करने के बाद शास्त्री ब्रिज के किनारे ही कचरा डंपिंग कर रहे हैं। कचरे से दुर्गंध भी उठ रही है। इससे बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है, वहीं दूसरी तरफ गर्मी का मौसम शुरू होते ही कचरे में आग लगने लगी है। पिछले 15 दिन में कचरे में तीन बार आग लग चुकी है।

कॉम्पैक्टर खराब, नहीं उठ रहा कचरा

जानकारों का कहना है कि लंबे समय से शास्त्री ब्रिज के किनारे से कचरा उठाने वाला कॉम्पैक्टर खराब है। इसके कारण यहां से कचरे को वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट नहीं भेजा जा रहा है। यहां पर कचरे का अंबार लगा हुआ है। कचरा बीनने वाले यहां पर बीड़ी-सिगरेट पीकर फेंक रहे हैं। इससे कचरे में बार-बार आग लग रही है।

कचरा कलेक्शन व्यवस्था ध्वस्त

नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा का कहना है कि शहर में कचरा कलेक्शन व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। लोगों के घरों में कचरा गाड़ी नहीं पहुंच रही है। इसके कारण लोगों को सड़क पर कचरा फेंकने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। नगर निगम को कचरा कलेक्शन व्यवस्था को मजबूत करना चाहिए।

कॉम्पैक्टर खराब होने के कारण शास्त्री ब्रिज के किनारे से कचरा उठाने में दिक्कत आई थी। अब शास्त्री ब्रिज के किनारे से कचरा उठाने का काम शुरू कर दिया गया है। जल्द ही काम पूरा कर लिया जाएगा।

अंकिता बर्मन, स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम

Created On :   17 March 2026 6:30 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story