- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- विवादों के बीच छात्र कल्याण...
Jabalpur News: विवादों के बीच छात्र कल्याण अधिष्ठाता का इस्तीफा

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में सोमवार को अचानक हुए घटनाक्रम से पूरा विवि अवाक रह गया। छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. विवेक मिश्रा ने बिना किसी पूर्व सूचना के ही अपने पद से इस्तीफा दे दिया। कुलगुरु प्राे. राजेश कुमार वर्मा को संबोधित पत्र में उन्होंने लिखा कि विश्वविद्यालय में घटित घटनाक्रम और प्रशासन के नकारात्मक रवैये के कारण यह कदम उठाया जा रहा है।
प्रो. मिश्रा द्वारा 16 मार्च को दिए गए अपने त्यागपत्र में कहा गया है कि विश्वविद्यालय में बीते दिनों हुए घटनाक्रमों को देखते हुए पद पर बने रहना संभव नहीं रह गया था। उन्होंने लिखा है कि आत्मसम्मान की रक्षा को ध्यान में रखते हुए वे अधिष्ठाता छात्र कल्याण के कार्यभार से तत्काल प्रभाव से त्यागपत्र दे रहे हैं।
बताया जाता है कि पिछले दिनों छात्र संगठनों ने कई मर्तबा आंदोलन किए और हर बार सीधे संबंधित अधिकारी को सामने खड़ा कर दिया गया, जिससे छात्रों ने अपना आक्रोश उन पर जाहिर किया। एक प्राध्यापक ने तो कहा कि ऐसा लगता है कि जैसे हमें अदालत के समक्ष खड़ा कर दिया जाता है और संबंधित विषय की जानकारी हो या न हो तत्काल जवाब मांगा जाता है। ऐसे में कई वीडियो वायरल हुए जिसमें प्राध्यापकों के साथ कहा-सुनी थी। ऐसे में छात्र कल्याण अधिष्ठाता ही नहीं कई और प्राध्यापक भी नाराज हैं और भविष्य में वे भी ऐसे कदम उठा सकते हैं।
शोकॉज जारी किया गया था
यूथ फेस्टिवल में समय पर प्रमाण पत्र जारी न होने और बाहर जाने वाली टीमों को राशि नहीं मिली थी। इस पर विधानसभा में भी जवाब मांगा गया था और छात्र संगठनों ने आंदोलन भी किया था। इस पर उनसे जवाब मांगा गया तो वह मिला नहीं बल्कि उनका इस्तीफा मिला है। आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-प्रो. राजेश कुमार वर्मा,
कुलगुरु रादुविवि
परीक्षा केंद्रों में प्रिंसिपल, पर्यवेक्षक और कर्मचारी भी नहीं रख पाएंगे मोबाइल
रादुविवि ने सभी कॉलेजों और विभागों को जारी किया आदेश, विद्यार्थियों पर पहले से है प्रतिबंध
रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के सभी विभागों और इससे जुड़े सभी कॉलेजों में अब परीक्षाओं के दौरान प्राचार्य, पर्यवेक्षक के साथ ही कर्मचारी भी मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। ऐसा निर्णय परीक्षाओं की गोपनीयता और सुरक्षा को देखते हुए लिया गया है। छात्र-छात्राओं के मोबाइल पर तो पहले से ही प्रतिबंध लागू है।
प्रतिबंध को लेकर विश्वविद्यालय ने जारी किए सख्त निर्देश
रादुविवि प्रशासन ने हाल के दिनों में परीक्षाओं की गोपनीयता और सुरक्षा सम्बंधी सवालों और शिकायतों के बाद निर्णय लेते हुए परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए हैं। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन का उपयोग और संग्रहण पूरी तरह वर्जित रहेगा तथा इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
पिछले दिनों छात्र संगठनों ने आरोप लगाए थे कि कुछ परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शुरू होने से पहले ही प्रश्नपत्र से जुड़ी सूचनाएं बाहर पहुंचने की आशंकाएं बनी रहती हैं जिससे परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर प्रश्न खड़े हो रहे थे। इन घटनाओं को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर निगरानी और अनुशासन को मजबूत करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है।
Created On :   17 March 2026 6:40 PM IST












