Jabalpur News: दीपावली की सफाई से रोज निकल रहा 800 टन कचरा, प्लांट तक पहुंच पा रहा 500 टन

दीपावली की सफाई से रोज निकल रहा 800 टन कचरा, प्लांट तक पहुंच पा रहा 500 टन
नगर निगम के पास कचरा उठाने के लिए पर्याप्त नहीं हैं संसाधन, पर्व पर भारी पड़ सकती है लापरवाही

Jabalpur News: दीपावली की सफाई से इस समय शहर से रोज 800 टन तक कचरा निकलने लगा है। हालत यह है कि कठौंदा स्थित वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट तक केवल 500 टन तक ही कचरा पहुंच पा रहा है। नगर निगम के पास कचरा उठाने के लिए पर्याप्त संसाधन ही नहीं हैं। इसके कारण शहर में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं।

जबलपुर शहर से सामान्य दिनों में 600 टन कचरा निकलता है। नगर निगम सामान्य दिनों में भी 450 से 500 टन कचरा वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट तक पहुंचा पाता है। दीपावली के पहले घरों और दुकानों की सफाई की वजह से प्रतिदिन 800 टन कचरा निकल रहा है। सभी संसाधनों का उपयोग करने के बाद भी नगर निगम 500 टन कचरा ही उठा पा रहा है। इसके कारण लोग सड़कों के किनारे कचरा फेंक रहे हैं। शिकायत के बाद भी कचरा नहीं उठ पा रहा है।

कचरे से बनती है 11.5 मेगावाॅट बिजली

नगर निगम द्वारा कठौंदा में वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट लगाया गया है। यहां पर कचरे से 11.5 मेगावाॅट बिजली बनती है। प्लांट में बिजली बनाने के लिए रोजाना 600 टन कचरे की जरूरत होती है। नगर निगम प्लांट में पर्याप्त कचरा नहीं पहुंचा पा रहा है। इसके कारण प्लांट में दूसरे जिलों से भी कचरा मंगवाना पड़ता है।

30 वार्डों में हैं मात्र 10-10 सफाई कर्मचारी

शहर के जोन क्रमांक-1, 2, 3, 4, 10, 14 और 15 के 30 वार्डों में सफाई का ठेका बर्फानी सिक्योरिटी के पास है। इस समय केवल 10-10 ठेका सफाई कर्मी ही काम कर रहे हैं। नगर निगम ने इन वार्डों में 5-5 नियमित सफाई कर्मी भेजे थे, लेकिन ज्यादातर नियमित सफाई कर्मियों ने किसी न किसी बहाने छुट्टी ले ली है। इसके कारण यहां पर सफाई का काम प्रभावित हो रहा है। क्षेत्रीय नागरिक वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

दीपावली का कचरा उठाने बनेगी विशेष कार्ययोजना

नगर निगम द्वारा दीपावली पर कचरा उठाने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी। यह आश्वासन महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने गुरुवार को जन संगठनों को दिया। इस मौके पर निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार भी मौजूद थे। गुरुवार को नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच, भारतीय वरिष्ठ नागरिक एसोसिएशन एवं पेंशनर्स समाज ने गुरुवार को महापौर से मुलाकात कर कहा कि दीपावली की सफाई से निकलने वाले अतिरिक्त कचरे को उठाने की व्यवस्था की जाए। महापौर ने कहा कि नगर निगम के पास कचरा गाड़ियों की कमी होने के बाद भी कार्य क्रियान्वयन में ढिलाई नहीं होने दी जाएगी। कचरा गाड़ियों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव शासन के पास भेजा जाएगा।

Created On :   10 Oct 2025 4:34 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story