Jabalpur News: किराए में एक्सप्रेस लेकिन ट्रैक पर पैसेंजर ट्रेन, 90 किमी के सफर में लग रहे 4 घंटे

किराए में एक्सप्रेस लेकिन ट्रैक पर पैसेंजर ट्रेन, 90 किमी के सफर में लग रहे 4 घंटे
रेलवे का दावा की ट्रेनाें की स्पीड 120 किमी हो गई, यहां रीवा-जबलपुर शटल के यात्री हो रहे परेशान, किराया भी ज्यादा फिर भी धीमी चाल

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। रेलवे का दावा है कि समय के साथ ट्रेनों की रफ्तार भी बढ़ रही है। रेल पटरियों को ट्रेनों की स्पीड के अनुसार तैयार किया जा रहा है और कोच भी बदले जा रहे हैं। करोड़ों रुपए खर्च हो रहे हैं और यह कहा जा रहा है कि हमारी ट्रेनें अब 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही हैं। ऐसे समय में एक एक्सप्रेस ट्रेन ऐसी भी है, जिसे सिर्फ 90 किलोमीटर की दूरी तय करने में 4 से 5 घंटे का वक्त लग रहा है।

यह ट्रेन है रीवा से जबलपुर के बीच चलने वाली एक्सप्रेस 11706 शटल जो रीवा से दाेपहर 2 बजे चलती है और कटनी शाम को 5 बजे पहुंच जाती है। कटनी से जबलपुर की दूरी 90 किलोमीटर है और ट्रेन का टाइम जबलपुर पहुंचने का रात में 9 बजकर 5 मिनट है। रेलवे ने ट्रेन को एक्सप्रेस का दर्जा दे दिया है और किराया भी उसी हिसाब से वसूल रही है।

साथ ही कागजों में भले ही 4 घंटे में पहुंचाने का समय दिया गया लेकिन यह ट्रेन कभी भी वक्त पर नहीं आती। ये कभी 5 तो कभी 6 घंटे की देरी से चलती है। इस ट्रेन से सफर करने वाले यात्री परेशान हैं फिर भी अधिकारी इस तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं।

किस दिन कितने बजे

{ट्रेन का जब पिछले कुछ दिनों का टाइम देखा गया तो यह ट्रेन 3 जून को रात 10:28 बजे, यही ट्रेन 4 जून को 10:17 बजे पहुंची, मतलब तकरीबन सवा घंटे देरी से पहुंच पाई।

{5 जून को ट्रेन ने और देरी से आमद दर्ज कराई। यह 10:41 बजे जबलपुर पहुंची। 6 जून को तो गाड़ी ने लेटलतीफी की हद कर दी। 11:57 बजे जबलपुर स्टेशन पहुंच सकी।

{कुछ दिन ट्रेन टाइम पर पहुंची, बीते दो दिनों से 10 बजे के बाद आ रही है।

ट्रेन वही लेकिन जाने में लग रहे 2 घंटे कम

जबलपुर से जब यह एक्सप्रेस ट्रेन (11705) रीवा जाती है तो वही पटरी, वही दूरी और कोच भी वही रहते हैं लेकिन यह ट्रेन 2 घंटे से भी कम वक्त में कटनी पहुंचा देती है। यह ट्रेन सुबह 7:10 बजे जबलपुर से रवाना होती है और 90 किलोमीटर की दूरी तय कर कटनी सुबह 8:55 बजे पहुंचा देती है। इस ट्रेन से बड़ी संख्या में अप-डाउनर सफर करते हैं। उनका कहना है कि ऐसी क्या वजह है कि एक ही ट्रेन को उतना ही सफर करने में अलग-अलग वक्त लग रहा है।

Created On :   15 Jun 2026 6:03 PM IST

Tags

Next Story