Jabalpur News: तेज भाग रहे स्मार्ट मीटर, हजारों में आ रहे बिजली बिल

उपभोक्ताओं की शिकायतों में भी नहीं हो रही सुनवाई, गरीब परिवारों पर अचानक बढ़ गया आर्थिक बोझ

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। जबलपुर में स्मार्ट मीटरों को लेकर विवाद और गहरा गया है। जहां हजारों उपभोक्ता अत्यधिक और गलत बिलिंग की शिकायत कर रहे हैं। वहीं बिजली अफसर अधिक बिल आने की समस्या नहीं सुन रहे हैं। मनमर्जी तरीके से बिल भेजे जा रहे हैं और अब बिल जमा नहीं करने की स्थिति में लाइट काटने की धमकी दी जा रही है। स्मार्ट मीटर लगने के बाद से फास्ट रीडिंग और अधिक बिलिंग की शिकायत हजारों में दर्ज है। जिसमें सबसे अधिक शिकायतें जबलपुर जिले की हैं।

उपभोक्ताओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर पुराने डिजिटल मीटरों की तुलना में कई गुना तेज रीडिंग दर्ज कर रहे हैं, जिससे मध्यम और गरीब परिवारों के बिल अचानक 4 हजार से 7 हजार तक पहुंच गए हैं।

बिलिंग को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं

बताया जाता है कि जब भी बिजली बिल को लेकर शिकायत की जाती है, तो बिजली अधिकारी स्मार्ट मीटर की बिलिंग के नियमों को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहे। वहीं जिनके यहां स्मार्ट मीटर नहीं लगे हैं उनके घरों में मनमर्जी बिलिंग की जा रही है, जिससे उपभोक्ता परेशान हैं।

आर्थिक बोझ

उपभोक्ताओं का कहना है कि समान बिजली खपत होने के बावजूद बिलों में अचानक बढ़ोत्तरी की जा रही है, जिससे मध्यम वर्ग पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ रहा है।

खपत 90 यूनिट, बिल हजारों में

कई उपभोक्ताओं के बिलों में 90 यूनिट बिल लिखा है पर बिल बकाया जमा राशि में हजारों रुपए दर्ज है, जबकि उनका पिछला बकाया कुछ भी नहीं है।

फ्यूल और पॉवर परचेस सरचार्ज

यह भी आरोप है कि फ्यूल और पाॅवर परचेस एडजस्टमेंट सरचार्ज भी उपभोक्ताओं से वसूला जा रहा है। अप्रैल माह में 5.36 प्रतिशत और मई-जून माह में 3.91 प्रतिशत के हिसाब से सरचार्ज बिलों में जोड़ा गया है, जिसके कारण मध्यवर्गीय परिवार के मुखिया पर खासा असर देखा जा रहा है।

57 हजार शिकायतें

बताया जाता है कि जबलपुर संभाग में 2 लाख 85 हजार 220 उपभोक्ताओं के यहां मीटर लगाए गए हैं। पूरे प्रदेश में 57 हजार उपभोक्ताओं के द्वारा तेज गति से मीटर भागने की शिकायतें की जा चुकी हैं। 55 हजार 822 शिकायतें जबलपुर रीजन से की गई थीं। अधिक बिलिंग से उपभोक्ता परेशान हैं। वहीं पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी निराकरण करने का दावा कर रही है।

मैं दिल्ली मीटिंग में हूं, इस संबंध में बाद में बात करूंगा।

-संजय भागवतकर, मुख्य महाप्रबंधक

Created On :   15 Jun 2026 5:59 PM IST

Tags

Next Story