Jabalpur News: गिट्टी-हार्ड मुरुम व डस्ट की जगह छुई से की जा रही पाइप लाइन के गड्ढों की फिलिंग

मानसून में कहर बरपाएगी ये अनदेखी } बर्न कंपनी से कांचघर रोड पर अमृत जल फेज-2 के रीस्टोरेशन के कार्य में सामने आई बड़ी लापरवाही

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। मानसून के सक्रिय होने से पहले अमृत जल याेजना फेज-2 के रीस्टोरेशन का काम जैसे-तैसे शुरू तो हुआ, लेकिन इसमें भी हद दर्जे की लापरवाही बरती जा रही है। रविवार को ऐसा ही कुछ बर्न कंपनी से कांचघर चौक के बीच खोदी गई सड़क की फिलिंग के काम में देखने को मिला।

जहां गहरे गड्ढों को गिट्टी और एमसेंड जैसे हार्ड डस्ट की जगह छुई से पूरने का काम शुरू कर दिया गया था लेकिन इसी दौरान क्षेत्र के कुछ नागरिकों ने इस लापरवाही को पकड़ लिया और विरोध शुरू कर दिया, जिसके बाद मामला नगर निगम के अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया और फिलिंग का काम रुकवा दिया गया।

कांचघर निवासी महेन्द्र गुप्ता ने बताया कि वे पेशे से काॅन्ट्रैक्टर हैं, रविवार को सुबह इस गड़बड़ी को देखकर उन्होंने ही सबसे पहले देखा और फिर क्षेत्रीय लोगों के साथ मिलकर विरोध करते हुए निगम अधिकारियों से शिकायत की थी।

बारिश में भसकेेगी सड़क, लाइन होगी क्षतिग्रस्त

जानकारों के अनुसार छुई दिखने में तो मजबूत पदार्थ होता है, लेकिन इसकी प्रकृति बहुत ही सॉफ्ट होती है। पानी के संपर्क में आने से छुई तेजी से तरल पदार्थ में तब्दील हो जाती है, और गहराई तक कमजोर हो जाती है। इसलिए इसका उपयोग किसी भी गहरी जगह की फिलिंग में नहीं किया जाता, लेकिन ठेका एजेन्सी द्वारा सारे नियमों की अनदेखी करके छुई से फिलिंग का काम किया जा रहा था।

योजना के तहत काम करने के ये हैं नियम

अमृत जल योजना हो या किसी भी निर्माण कार्य के लिए सड़कों में होने वाली खुदाई के कार्यों में निगम प्रशासन की सबसे पहली शर्त ये रहती है कि जिस जगह खुदाई होगी उसे पहले जैसी स्थिति में पूर्ण किया जाएगा।

सीवर लाइन की तरह पाइप लाइन के री-स्टोरेशन में फिलिंग में पहले जीएसबी यानी गिट्टी या एमसैंड के बारीक डस्ट को मिलाकर निचले हिस्से की पुराई की जाती है और फिर डब्ल्यूबीएम के तहत रोड निर्माण किया जाता है, जिससे सड़क मजबूत बने और मानसून के दौरान किसी भी तरह की परेशानी न हो।

छुई खदान से लाकर फैलाए गए दो डम्पर

कांचघर हाउसिंग बोर्ड काॅलोनी निवासी राजू यादव, नितिन पटैल व अन्य ने बताया कि सुबह-सुबह री-स्टोरेशन के काम के लिए बर्न कंपनी के पीछे छुई खदान से दो डम्परों में जेसीबी से छुई लोड की गई और सड़कों को पूरने के लिए निर्माण स्थल पर लाकर फैला दी गई थी।

बर्न कंपनी से कांचघर रोड पर अमृत जल फेज-2 के रीस्टोरेशन के काम में छुई से फिलिंग करने की शिकायत मिली थी, जिसके बाद तत्काल काम रुकवा दिया गया है और संबंधित ठेका एजेन्सी को सख्त हिदायत देकर मानकों के तहत फिलिंग का काम पूरा करने के लिए कहा गया है। इसके अलावा सभी रीस्टोरेशन के कार्यों में जुटी एजेन्सियों को इस तरह की लापरवाही न करने के निर्देश दिए गए हैं।

कमलेश श्रीवास्तव, अधीक्षण यंत्री व प्रभारी अमृत जल फेज-2

Created On :   15 Jun 2026 6:10 PM IST

Tags

Next Story