- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- नौकरी और मकान दिलाने का झांसा देकर...
Jabalpur News: नौकरी और मकान दिलाने का झांसा देकर 21 लाख रु. हड़पे
डिजिटल डेस्क,जबलपुर। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में रहने वाला एक व्यक्ति खुद को पुलिस अधिकारी बताकर लोगों से ठगी कर रहा था। उसने किसी से नौकरी दिलाने के नाम पर तो किसी को घर दिलाने के नाम पर करीब 21 लाख रुपए हड़प लिए। ठगी का शिकार हुए लोगों द्वारा थाने में की गई शिकायत की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार संंजीवनी नगर नव निवेश काॅलोनी निवासी धीरेंद्र सिंह ठाकुर खुद काे पुलिस विभाग का अधिकारी बताता था और सरकारी विभागों में अच्छी जान-पहचान होने का झांसा देकर वह लोगों को शासकीय विभागों में नौकरी व घर दिलाने की बात कहता था। वह लोगों को आंगनबाड़ी में सुपरवाइजर, पंप अटेंडर, सिविल कोर्ट, स्वास्थ्य विभाग आदि में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाता था।
उसकी बातों में आकर ज्योति थौराट ने 2 लाख, संदीप रंगारे ने 60 हजार, रजनी वैद्य ने 1 लाख 80 हजार, छाया उइके ने 1 लाख 50 हजार, आरती झारिया ने 80 हजार, अभिलाषा प्रजापति ने 50 हजार, पिंकी विश्वे ने 1 लाख रुपए दिए थे। इसके अलावा रजनी जामोलकर, हेमलता रंगारे, सुजाता जामोलकर, भारती द्विवेदी, संजय चढ़ार, सदानंद भिसेकर, अभिषेक ठाकुर, मुकेश चौधरी, ममता पांडे, कीर्ति रजक आदि ने उसे रुपए दिए थे लेकिन न तो किसी की नौकरी लगी और न ही किसी को घर मिला।
दिखाता था फर्जी आदेश
पीड़ितों ने बताया कि रुपए लेने के बाद आरोपी कभी एसडीएम पाटन कार्यालय का तो कभी सिविल सर्जन नरसिंहपुर का आदेश दिखाकर उन्हें दिलासा देता था। वह इतना शातिर था कि लोगों को वह भोपाल वल्लभ भवन के मुख्य सचिव का फर्जी आदेश दिखाकर रकम ऐंठता था।
घर छोड़कर भागा आरोपी
नौकरी नहीं लगने पर पीड़िता द्वारा रकम वापसी का दबाव बनाए जाने पर आरोपी ने अपना फोन बंद कर दिया और घर छोड़कर कहीं और रहने लगा। रकम वापस नहीं मिलने पर पीड़ितों ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की। जिसके बाद मामला दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
Created On :   15 Jun 2026 6:17 PM IST










