Jabalpur News: भंवर में फंसे तैराक काे बचाने कूदा दोस्त, दोनों डूबे

गौर क्षेत्र स्थित सिलुआ घाट में हुआ हादसा। नाविकों ने कोशिश की पर दोनों की जान बच नहीं पाई

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। गौर पुलिस चौकी क्षेत्र में नर्मदा नदी के सिलुआ घाट में रविवार को स्नान करते समय दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। तैरने में माहिर 19 वर्षीय ध्रुव पटेल दोस्तों के साथ नहाने गया लेकि वह नदी के बीच उठी भंवर में फंस गया। ध्रुव को डूबता देख उसका दोस्त सागर पटेल उम्र 17 वर्ष उसे बचाने पहुंचा लेकिन दाेनों डूब गए। गोताखोरों द्वारा तलाश कर करीब 3 घंटे बाद दोनों को नदी से निकाला गया, तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।

गौर चौकी प्रभारी नितिन पांडे ने बताया कि ग्राम चौपड़ा निवासी ध्रुव पटेल अपने दोस्त सागर पटेल, डब्बू, सब्बू और सिल्लू के साथ नहाने के लिए नर्मदा नदी के सिलुआ घाट पहुंचे थे। सभी तैराकी जानते थे। नदी में नहाते समय सुबह 10 बजे के करीब ध्रुव नदी में उठी भंवर की तरफ चला गया।

उसे भंवर में फंसा देख उसे बचाने के लिए सागर भी उसके पास पहुंच गया और कुछ ही देर में दोनों नदी में डूब गए। उन्हें नदी में डूबता देख साथियों ने शोर मचाया, जिसके बाद वहां मौजूद नाविकों ने नदी में छलांग लगाई लेकिन दोनों का कुछ सुराग नहीं लगा। उधर शव बरामद होने पर मर्ग कायम कर पुलिस ने शवों को पीएम के लिए मेडिकल रवाना किया।

ग्रामीणों की भीड़ जमा हुई- नदी में दो युवकों के डूबने की जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। वहीं पुलिस द्वारा दोनों युवकों के परिजनों को सूचना दी गई। सूचना पाकर परिजन भी मौके पर पहुंचे और शवों को नदी से निकाले जाने पर परिजन सदमे में थे और रो-रो कर उनका बुरा हाल था।

3 घंटे में खोजकर निकाला गया

हादसे की सूचना मिलने पर गौर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ व स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया। उनके द्वारा नदी में तलाशी अभियान शुरू किया गया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद चट्टान में फंसे ध्रुव और उसके बाद सागर के शव को नदी से बाहर निकाला गया।

Created On :   15 Jun 2026 6:14 PM IST

Tags

Next Story