Jabalpur News: शादी में गये परिजन, घर से 14 लाख के जेवर और नकदी चोरी

शादी में गये परिजन, घर से 14 लाख के जेवर और नकदी चोरी
पाटन थाना क्षेत्र के राजेंद्र प्रसाद वार्ड में वारदात

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र स्थित राजेंद्र प्रसाद वार्ड में चोरों ने एक सूने घर का ताला तोड़कर 14 लाख के जेवर व नकदी चोरी कर लिए। वारदात के समय परिजन एक शादी समारोह में शामिल होने गये थे। वापस लौटने पर ताला टूटा मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई। मामला दर्ज कर पुलिस अज्ञात चोरों की पतासाजी में जुटी है। पुलिस के अनुसार राजेंद्र प्रसाद वार्ड निवासी विवेेक बबेले ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि शनिवार की शाम परिजन एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए जबलपुर आये थे।

रविवार की सुबह विवेक के पिता घर लौटे तो देखा कि ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर देखा तो अलमारी का लाॅकर खुला था और उसमें रखा 2 तोला वजनी सोने का हार, कान के बाला, 12 ग्राम वजनी मंगलसूत्र, सोने की चेन, अंगूठी सहित करीब साढ़े 12 लाख कीमत के जेवर व नकदी 1 लाख 80 हजार रुपये गायब थे। मामला दर्ज कर पुलिस ने कुछ संदिग्धों को पकड़ा है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।

कुछ ही घंटों में लाखों की चोरी

इसी तरह पनागर के ग्राम पोनिया निवासी बालगोविंद काछी अपनी पत्नी के साथ बाजार गये थे। कुछ घंटों बाद वापस लौटे तो घर में चोरी होने का पता चला। पुलिस के अनुसार पीड़ित परिवार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वे शनिवार की दोपहर बाजार गये थे। शाम को वापस लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी में रखे सोने के 2 हार, एक मोहनमाला, झुमकी, लाख पट्टी वाले कंगन, चांदी का कमरबंद, पायल व नकदी 35 हजार रुपये गायब थे।

नैनपुर से रिश्तेदारी में आई महिला के बैग के अंदर से जेवर गायब

नैनपुर से रिश्तेदार के एक विवाह समारोह में शामिल होने आई महिला के बैग से करीब साढ़े 3 तोला वजनी जेवर गायब हो गये। जेवर उस समय गायब हुए जब महिला छोटी लाइन के पास बस से उतरकर ऑटो में सवार होकर ग्वारीघाट जा रही थी। शनिवार की रात महिला ने गोरखपुर थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

थाने पहुंची नैनपुर निवासी हर्षा लखेरा उम्र 55 वर्ष ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए 22 अप्रैल को बरगी नगर आई थी। 23 अप्रैल को वहां से निकलने के पहले गले में पहना 3 तोला वजनी रानीहार और आधा तोला वजनी मंगलसूत्र उतारकर बैग में रख लिया था। उसके बाद वह बस में बैठकर बरगी और वहां से मेट्रो में सवार होकर छोटी लाइन फाटक पहुंची और बस से उतरकर ग्वारीघाट जाने के लिए ऑटो में सवार हुई। इस दौरान बैग में नजर पड़ी तो उसके अंदर रखा छोटा पर्स गायब था जिसमें जेवर रखे हुए थे।

गोदाम का ताला तोड़कर 90 हजार की चोरी

माढ़ोताल थाना स्थित एक नमकीन गोदाम का ताला तोड़कर 90 हजार रुपये की चोरी किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस के अनुसार गोदाम के मैनेजर रामेश साहू निवासी व्हीकल स्टेट ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह रोजाना की तरह 24 अप्रैल की रात गोदाम में ताला लगाकर घर चला गया था। शनिवार की सुबह गोदाम पहुंचा तो ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो ड्राॅज में रखे 90 हजार रुपये गायब थे।

Created On :   27 April 2026 4:31 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story