- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- जरा संभलकर..कहीं अशुद्ध और घातक तो...
Jabalpur News: जरा संभलकर..कहीं अशुद्ध और घातक तो नहीं यह बर्फ

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। फुटपाथ पर लगी एक दुकान में रखी बर्फ को चाटते आवारा डॉगी का वीडियो वायरल होते ही लोग सकते में आ गए। वीडियो भोपाल का बताया जा रहा है, लेकिन इसके सामने आते ही चर्चाएं सरगर्म हो गईं कि कहीं शहर में भी तो ऐसा नहीं...? इसकी पड़ताल करते हुए बुधवार को जब सिविक सेंटर व तैयब अली चौक पर लगने वाले स्टाॅलों का जायजा लिया गया तो कई स्टॉलों में गंदगी नजर आई। सस्ते बर्फ के ढेले भी दिखाई दिए।
यह निष्कर्ष भी निकला कि भीषण गर्मी के इस दौर में भी इन विसंगतियों को देखने वाला कोई नहीं है। इसमें कहीं न कहीं आम आदमी की सेहत कठघरे में है।
लाेगों का कहना है कि देशी शीतल पेय माने जाने वाले गन्ने का रस, शिकंजी, नींबू पानी, जलजीरा आदि में वैसे तो सेहत के लिए अच्छे हैं, लेकिन इनमें इस्तेमाल होने वाले बर्फ व अन्य सामग्री की जांच होनी चाहिए।
सस्ते बर्फ का इस्तेमाल करते मिले
सिविक सेंटर में ही नींबू पानी, जलजीरा और शिकंजी का विक्रय करने वाले स्टॉल की जब जांच की गई, तब उसके यहां सस्ती दरों पर लाई गई बर्फ से यह शीतल पेय सामग्री बनती नजर आई। इस बीच संबंधित विक्रेता का कहना था कि 20-30 रुपए में यह ठंडी सामग्री उन्हें बेचनी पड़ती है इसीलिए वे महंगी बर्फ नहीं ला सकते।
बीमारियाें का खतरा, जिम्मेदार बेसुध
जानकारों का कहना है कि शहर में जिस तरह से ठंडी सामग्री के नाम पर लोगों को दूषित पेय पदार्थ बेचे जा रहे हैं उनके कारण ही डायरिया, पीलिया, टाइफाइड, फूड पॉइजनिंग और पेट संबंधी बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। लेकिन इसके बावजूद नगर निगम एवं स्वास्थ्य विभाग का अमला हाथ पर हाथ धरे बैठा हुआ है।
नाली के बगल में बर्फ के गोले-
इसी प्रकार तैयब अली चौक का जब जायजा लिया गया तब यहां लम्बे समय से एक व्यक्ति द्वारा बर्फ के गोले और जलजीरा का स्टॉल लगाने की जानकारी मिली। इसके बाद जब उक्त स्टॉल का जायजा लिया गया तो इसके बिल्कुल नजदीक ही बजबजाती नाली भी देखने को मिली।
क्षेत्रीयजनों मोहन ठाकुर, दिनेश रैकवार, मधूसुदन तिवारी का आरोप था कि दिनभर नाली से मच्छर व मक्खियां उड़कर स्टॉल पर आकर बैठती हैं। इसके बावजूद संबंधित संचालक बिना किसी सावधानी के ग्राहकों के समक्ष ठंडी सामग्री बनाकर देता रहता है।
गन्ने के छिलकों में मक्खियां-
दोपहर करीब 3:45 बजे जब सिविक सेंटर स्थित चौपाटी का जायजा लिया गया तब जिन हाथठेलों में गन्ने का रस बेचा जा रहा था उनके समीप ही विक्रेताओं द्वारा निचुड़ चुके गन्नों के छिलकों को बोरी में रखा गया था।
इसी के चलते यहां बड़ी संख्या में मक्खियां भिनभिना रही थीं, वहीं आसपास बैठकर अन्य खाद्य सामग्री का सेवन कर रहीं युवतियां एक हाथ से इन मक्खियों को अलग करते हुए भी नजर आईं।
इस दौरान कैमरे को देखकर संबंधित गन्ने का स्टॉल लगाने वाला विक्रेता सावधान हो गया और अपनी तमाम सामग्री को उसने सुरक्षित तरीके से रख लिया था।
Created On :   4 Jun 2026 4:17 PM IST












