- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- रजिस्ट्रेशन कराने भटक रहे गोल्ड...
रादुविवि: रजिस्ट्रेशन कराने भटक रहे गोल्ड मैडलिस्ट, अचानक बदल रहे नियम

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में इसी माह 20-21 जून को होने वाले दीक्षांत समारोह में शामिल होने छात्र-छात्रओं को रजिस्ट्रेशन कराने में ही पसीने छूट रहे हैं। पहले विवि ने रजिस्ट्रेशन के लिए सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक का समय निर्धारित किया था जिसे अचानक बदलकर दोपहर 12 से शाम 5 बजे तक कर दिया गया है। इससे छात्र-छात्राओं को राहत तो मिली लेकिन विवि में अधिकारी और कर्मचारी अपनी सीट पर बैठें तब न।
रजिस्ट्रेशन के लिए निर्धारित 400 रुपयों की राशि भी ऑनलाइन ही जमा कराई जा रही है। इसके लिए बुधवार को ही नया फरमान जारी किया गया। रादुविवि के दीक्षांत समारोह की तैयारियां जोरों शोरों से जारी हैं। इसी बीच रजिस्ट्रेशन को लेकर छात्र-छात्राओं ने आपत्ति दर्ज कराई है।
उनका कहना है कि 2 तारीख के पहले तक नियम कुछ थे और 2 को नया नोटिफिकेशन जारी किया गया जिसमें नियम बदल गए हैं। रजिस्ट्रेशन के लिए छात्र कल्याण अधिष्ठाता का कार्यालय तय है लेकिन कर्मी देर से पहुंचते हैं।
छात्र-छात्राओं को फाॅर्म तक नहीं दिए जा रहे हैं, उन्हें वेबसाइट से फाॅर्म डाउनलोड करके निकालना पड़ रहा है और फिर उसे भरकर जमा करना पड़ रहा है। जिन छात्रों को मैडल मिल रहे हैं उन्हें 400 रुपए और शोध उपाधि के लिए 700 रुपए जमा कराए जा रहे हैं।
विवि में शुरू हुआ रंगरोगन
दीक्षांत समारोह को देखते हुए विश्वविद्यालय में रंगरोगन और साफ-सफाई शुरू हो गई है। विवि की कुछ जगह तो ऐसी हैं जिन्हें हर हाल में छिपाया जाना चाहिए। डुमना रोड जहां से विवि में अतिथियों का आगमन होगा वहीं पर रिसर्च हॉस्टल है और वह सड़क से ही दिखती है।
उसे देखकर ऐसा लगता है जैसे विवि के हाल बहुत खराब हैं। इस बिल्डिंग से खिड़की और दरवाजे तक गायब कर दिए गए हैं। बेहतर होगा कि इसे नष्ट ही करा दिया जाए।
राष्ट्रपति को बुलाने के भी प्रयास
बताया जाता है कि विवि के दीक्षांत समाराेह में राज्यपाल मंगू भाई पटेल का आना लगभग तय है और हालिया जानकारी में यह बात भी सामने आई है कि राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू भी 21 को शहर में होने वाले योगा दिवस के आयोजन में आ सकती हैं। यही वजह है कि विवि के अधिकारी इस प्रयास में हैं कि राष्ट्रपति महोदया कुछ समय विवि को भी प्रदान करें।
Created On :   4 Jun 2026 4:02 PM IST












