Jabalpur News: पैच वर्क का रास्ता साफ, शासन से मिली मंजूरी

पैच वर्क का रास्ता साफ, शासन से मिली मंजूरी
बारिश से पहले भरे जा सकेंगे शहर की सड़कों के गड्ढे, जनता को मिलेगी राहत

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। अमृत जल योजना हो या दूसरे निर्माण कार्यों की वजह से बदहाल हुई शहर की सड़कों पर डामरीकरण और पैच वर्क का काम, जो पिछले तीन महीने से डिफरेंस भुगतान के विवाद में अटका था, अब जल्द ही शुरू होगा।

नगरीय प्रशासन मंत्रालय द्वारा भुगतान को हरी झंडी दे दी गई है, जिससे मानसून शुरू होने से पूर्व सड़कों के सुधारीकरण की उम्मीदें बन गई हैं। दरअसल इस पैच वर्क को लेकर विगत तीन महीने से ठेका कंपनी और निगम प्रशासन के बीच भुगतान के नए रेटों के अंतर (डिफरेंस) को लेकर गतिरोध चल रहा था।

इसी बीच अमृत जल योजना और अन्य निर्माण कार्यों के कारण शहर की मुख्य सड़कों पर और भी गहरे गड्ढे हो गए, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

मामला मंत्रालय तक पहुंचने के बाद नगरीय प्रशासन विभाग ने जनहित को देखते हुए डिफरेंस भुगतान को मंजूरी दे दी है और नगर निगम को इस संबंध में आधिकारिक निर्देश जारी कर दिए हैं।

ईरान-अमेरिका युद्ध के कारण बना विवाद

जानकारी के अनुसार इस पैच वर्क के लिए निगम प्रशासन ने फरवरी माह में निविदा निकाली थी, जिसका ठेका रोडों का डामरीकरण करने वाली शहर की एक कंपनी को मिला था।

अनुबंध होने के बाद ईरान-अमेरिका युद्ध शुरू हो गया, जिसके कारण बिटवेन के साथ निर्माण कार्यों के प्रोडेक्ट की कीमतें भी बढ़ गई थीं, जिसको लेकर ठेका कंपनी ने काम शुरू करने से मना कर दिया था। कंपनी की तरफ से निगमायुक्त को पत्र लिखकर महंगे हुए पेट्रोलियम पदार्थों का डिफरेंस भुगतान करने की मांग की गई थी। इसी वजह से काम अटका हुआ था।

मंत्रालय से जारी पत्र में ठेका कंपनी को डिफरेंस भुगतान करने की मंजूरी दे दी गई है। जिससे सड़कों की मरम्मत का काम जल्द ही शुरू हो जाएगा और मानसून से पहले सभी पैच वर्क पूरे होने की उम्मीद है।

- कमलेश श्रीवास्तव, अधीक्षण यंत्री ननि

Created On :   4 Jun 2026 4:05 PM IST

Tags

Next Story