- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- एक ही दिन में तय कर दीं दो-दो...
Jabalpur News: एक ही दिन में तय कर दीं दो-दो परीक्षाएं अब हजारों छात्र-छात्राएं हो रहे हैं परेशान
डिजिटल डेस्क,जबलपुर। एक संस्था देश की है और एक प्रदेश की। एक के जरिए देश के सबसे बड़े शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश मिलता है तो दूसरी के जरिए नौकरी मिलती है। दोनों ही संस्थानों की परीक्षा एक साथ होने से हजारों लाखों बच्चों के भविष्य पर असर पड़ रहा है। थोड़ी सी समझदारी से यदि परीक्षा की डेट बदल दी जाए तो इससे बहुत से बच्चों का भला हो सकता है लेकिन जानने समझने वाले भी खामोश बैठे हैं।
मामला दरअसल मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन बोर्ड एमपीईएसबी और देश की नेशनल इंस्टीट्यूट स्क्रीनिंग टेस्ट यानी एनईएसटी से जुड़ा है। शहर की एक छात्रा ने निर्देशक मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन बोर्ड भोपाल को भेजे पत्र में उल्लेख किया है कि एमपीईएसबी द्वारा आयोजित वनरक्षक, जेल प्रहरी और क्षेत्र रक्षक परीक्षा की तिथि में परिवर्तन किया जाए क्याेंकि इसी दिन यानी 6 जून को राष्ट्रीय प्रवेश स्क्रीनिंग परीक्षा 2026 आयोजित होगी।
एनईएसटी एक अत्याधिक प्रतिस्पर्धी, राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा है जो एनआईएसईआर और यूएमडीएई सीईबीएस जैसे प्रमुख संस्थानों में प्रवेश के लिए पूरे भारत में आयोजित की जाती है। चूंकि दोनों महत्वपूर्ण परीक्षाएं एक ही दिन पड़ रही है, इसलिए हजारों छात्र-छात्राएं कठिन परिस्थिति में फंस गए हैं।
इससे बच्चों को राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण नौकरी और राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़े शैक्षणिक कैरियर के बीच चुनाव करना होगा। दोनों परीक्षाओं में एक साथ शामिल होना असंभव है लेकिन इस टकराव से मध्य प्रदेश के कई ऐसे उम्मीदवार प्रभावित होंगे, जिन्होंने दोनों अवसरों के लिए कड़ी तैयारी की है।
राष्ट्रीय परीक्षा की डेट दिसम्बर में ही तय हो गई थी
बताया जाता है कि एनईएसटी की परीक्षा 6 जून को होगी। यह दिसम्बर माह 2025 में ही तय हो गया था और उन्होंने डेट जारी कर दी थी जबकि मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन बोर्ड ने वनरक्षक, जेल प्रहरी और क्षेत्र रक्षक परीक्षा की तिथि बाद में घोषित की।
इसकी परीक्षाएं 4 से 19 जून के बीच होगी लेकिन 6 जून को दोनों ही परीक्षाएं आपस में टकराएंगी और जिन भी आवेदकों ने दोनों ही परीक्षाओं के लिए आवेदन किया है और तैयारी की है वे किसी एक ही परीक्षा को दे पाएंगे।
जल्द लिया जाना चाहिए फैसला
छात्रा ने शिकायत में यह भी कहा है कि अब समय ज्यादा नहीं है इसलिए बेहतर होगा कि मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन बोर्ड 6 जून को होने वाली परीक्षा को आगे बढ़ा दे ताकि आवेदकों को बाद में परीक्षा देने का मौका मिल सके। इसके लिए तेजी से कार्य करना होगा क्याेंकि गुरुवार को 4 जून है और केवल दो दिन ही बचेंगे।
Created On :   4 Jun 2026 4:36 PM IST












