- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- टाॅवर पर चढ़ी महिला, 50 फीट की...
Jabalpur News: टाॅवर पर चढ़ी महिला, 50 फीट की ऊंचाई से छलांग लगाने दी धमकी, 5 घंटे चला हंगामा

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। सिहोरा की वार्ड क्रमांक-3 निवासी महिला बुधवार को एक मोबाइल टाॅवर पर चढ़ गई। वह करीब 50 फीट ऊंचाई से नीचे छलांग लगाने की चेतावनी देने लगी। यह देखकर मौके पर लोगों की खासी भीड़ जमा हो गई। वहीं जानकारी लगने पर पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची।
उसने अधिकारियों को बताया कि जमीन के सीमांकन और नक्शा सुधार में तहसील के अफसरों द्वारा की जा रही देरी और रिश्तेदारों की प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर यह कदम उठाया है। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब कहीं जाकर महिला टाॅवर से नीचे उतरी।
यह हंगामा करीब 5 घंटे तक चलता रहा। पुलिस जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक-3 निवासी किशन मल्लाह की पत्नी सोनम मल्लाह की ग्राम मनसकरा में तीन एकड़ जमीन है, जिसमें उसका नाम दर्ज है। जमीन का कुछ हिस्सा बेच दिया गया है।
इस पर सोनम ने तहसील कार्यालय सिहोरा में सीमांकन और नक्शा सुधार के लिए आवेदन दिया था, लेकिन उसके आवेदन पर लम्बे समय से प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई नहीं की जा रही थी। सोनम का कहना था कि इसी से परेशान होकर उसने यह रास्ता अपनाया। इस मामले में कार्रवाई होनी चाहिए।
दोपहर तक चला ड्रामा
ग्रामीणों ने बताया कि सुनवाई न हाेने से परेशान होकर सोनम मल्लाह सुबह करीब सवा 10 बजे घर से निकली और मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। महिला को टाॅवर पर चढ़ा देख लोग हैरान रह गए और पुलिस को सूचना दी गई। अधिकारियों व परिजनों की समझाइश पर दोपहर 3 बजे के करीब वह टाॅवर ने नीचे उतरी।
Created On :   4 Jun 2026 5:13 PM IST












