- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- अब जवानों की वर्दी पर लगे कैमरे भी...
Jabalpur News: अब जवानों की वर्दी पर लगे कैमरे भी करेंगे निगरानी

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। रेलवे स्टेशन के साथ ही कुछ ट्रेनों के कोच में तो कैमरे से निगरानी पहले से ही हो रही थी। अब खास बात यह है कि आरपीएफ के जवान की वर्दी में भी कैमरे लगा दिए गए हैं। जबलपुर रेल मंडल को ऐसे 30 हाईटेक बॉडी वार्न कैमरे दिए गए हैं, जिनसे ये जवान ऑडियो-वीडियो की रिकार्डिंग कर रहे हैं। ट्रेन के साथ ही प्लेटफार्म के एंट्री गेट पर तैनात जवान अभी इन कैमरों से यात्रियों पर नजर रख रहे हैं और गतिविधि रिकार्ड हो रही है।
इन कैमरों से लाइव निगरानी अधिकारी भी कर रहे हैं। इन कैमरों के आने के बाद से बेवजह के आरोप-प्रत्यारोप लगना बंद हो गए हैं। जानकारी के अनुसार जबलपुर से भोपाल जाने वाली वंदे भारत ट्रेन में ड्यूटी करने वाले आरपीएफ के जवान अपनी वर्दी पर ये कैमरे लगाए रहते हैं।
वहीं मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर- 1 और 6 पर बैग स्कैनर मशीन के पास तैनात रहने वाले आरपीएफ के जवानों को भी दो-दो कैमरे दिए गए हैं। इन जवानों को कैमरे चलाने का प्रशिक्षण भी दिया गया है।
8 घंटे की ड्यूटी के लिए बैटरी बैकअप भी इन कैमरों में रहता है, जिससे हर घटनाक्रम रिकाॅर्ड हो जाती है। जबलपुर में अभी 8 बॉडी वार्न कैमरे दिए गए हैं। आरपीएफ के जवान वर्दी के बायें तरफ की जेब के ऊपर इन्हें लगाये रहते हैं। इन्हें यह भी हिदायत है कि वे ड्यूटी के दौरान इन कैमरों को अलग नहीं करेंगे और न ही बंद करेंगे।
रेलवे में यात्रियों की सुरक्षा प्राथमिकता में रहती है। हमारे जवानों को बॉडी वार्न कैमरे दिए गए हैं, जिसमें ऑडियो-वीडियो भी रिकाॅर्ड होते हैं जिससे ट्रेन के साथ ही प्लेटफाॅर्म पर ड्यूटी करना आसान हो रहा है और यात्रियों की सुरक्षा में रेलवे द्वारा बढ़ाया गया एक और कदम कारगर साबित हो रहा है।
राजीव खरब, आरपीएफ पोस्ट प्रभारी
Created On :   4 Jun 2026 4:40 PM IST












