- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- ये मिट्टी के ढेर सड़क का करेंगे...
Jabalpur News: ये मिट्टी के ढेर सड़क का करेंगे बेड़ागर्क अभी उड़ रही धूल, बारिश में फैलेगा कीचड़

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। अमृत - 02 प्रोजेक्ट के तहत की गई खुदाई के कार्यों में तरह-तरह की लापरवाहियां सामने आ रही हैं। पहले बिना प्लानिंग के जगह-जगह खुदाई, फिर समय पर रीस्टोरेशन का काम पूरा न होना और अब सतपुला से रांझी के बीच चल रही खुदाई के बीच निकली मिट्टी को व्हीकल मोड़ पर सड़क के किनारे ही लगाने से इस मार्ग पर हर तरफ धूल ही धूल उड़ती रहती है। वहीं बारिश में ये मिट्टी कीचड़ बनकर सड़क पर फैलेगी और हादसों का कारण बनेगी। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि निगम को मिट्टी का स्टोरेज करना ही था तो रोड के 10-15 फीट पीछे करना था, क्योंकि वहां जगह की कोई कमी नहीं है।
8 माह पूर्व ही बनी है नई सड़क
जानकारी के अनुसार व्हीकल मोड़ से न्यू शोभापुर से स्टेट के अंदरूनी एरियों में लंबे समय से सड़कें जर्जर थीं और आठ माह पूर्व व्हीकल प्रशासन ने नई सड़कों का निर्माण कराया था, जिससे आम नागरिकों के लिए यह मार्ग काफी सुविधाजनक हो गया था, लेकिन अमृत जल योजना फेज-2 के लिए निगम प्रशासन ने जब सतपुला से रांझी के बीच खुदाई का काम प्रारंभ किया, तो व्हीकल प्रशासन से अनुमति लेकर खुदाई से निकलने वाली मिट्टी यहां एकत्रित करनी शुरू की थी, जो अब समस्या बनती जा रही है।
दूर-दूर तक उड़ती है धूल
व्हीकल मोड़ की यह सड़क न सिर्फ स्टेट एरिया को जाेड़ती है, बल्कि आसपास की कई रहवासी काॅलोनियों से मढ़ई, रिछाई, कंचनपुर और रांझी के मोहल्लों में जाने वालों का सुगम मार्ग भी है, लेकिन यहां जमा हुए मिट्टी के इन ढेरों के कारण दूर-दूर तक धूल उड़ती रहती है, जिसकी वजह से दोपहिया वाहन चालकों और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानियां उठानी पड़ रही हैं।
बारिश में होगी फिसलन, होंगी दुर्घटनाएं
जिस स्थान पर ये मिट्टी के ढेर लगे हुए हैं, वो व्हीकल स्टेट एरिया का एंट्री प्वाॅइंट है। ऐसे में बारिश के दौरान मिट्टी के ढेर कीचड़ में तब्दील होकर सड़क पर फैलेंगे और फिसलन के कारण वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर पलटेंगे। इसलिए समय रहते निगम प्रशासन नहीं चेता, तो ये नागरिकों के लिए मुसीबत तो बनेगी ही, सड़क भी खराब हो जाएगी।
Created On :   4 Jun 2026 4:23 PM IST












