Jabalpur News: साफ हुआ कचरा,अतिक्रमणकारियों को 24 घंटे में मैदान खाली करने का नोटिस

साफ हुआ कचरा,अतिक्रमणकारियों को 24 घंटे में मैदान खाली करने का नोटिस

Jabalpur News: नगर निगम ने फूटाताल मैदान से कचरा साफ करने का काम शुरू कर दिया है। सोमवार सुबह से ही नगर निगम का अमला तीन जेसीबी मशीन और डम्परों के जरिए सफाई के काम में जुट गया। मैदान की तस्वीर बदलने लगी है। नगर निगम ने 17 अतिक्रमणकारियों को नोटिस भी जारी कर दिए हैं और 24 घंटे में मैदान खाली करने के लिए कहा है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मैदान को बच्चों के खेलने योग्य बना दिया जाएगा।

फूटाताल मैदान में सोमवार को दृश्य कुछ हटकर रहा। सुबह से ही यहां लगभग एक दर्जन कर्मचारी काम में जुटे रहे। साफ-सफाई के बाद मैदान के चारों तरफ घास साफ की गई। इसके बाद मैदान के बीच से मलबे को हटाकर पानी निकालने का काम शुरू किया गया। यहां सफाई और फिलिंग आदि के कार्य को देखकर क्षेत्रीय नागरिक खुश नजर आए। अधिकारियों के दल ने बताया कि महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू व निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने मैदान को बच्चों के खेलने लायक बनाने के निर्देश दिए हैं। पानी सूखने के बाद मैदान को समतल करने के लिए रोलर भी चलाया जाएगा। स्वास्थ्य अधिकारी अंकिता बर्मन और सहायक स्वास्थ्य अधिकारी पोला राव की देखरेख में सबसे पहले जेसीबी मशीनों से मैदान के किनारे एकत्रित कचरे को उठाने का काम किया गया। कचरे को डम्परों के जरिए कठौंदा प्लांट पहुंचाया गया। मैदान में अवांछित लोगों की बेरोकटोक आवाजाही रोकने के लिए गेट पर ताला लगाने का भी निर्णय लिया गया है। उल्लेखनीय है कि फूटाताल मैदान में हो रही कचरे की डम्पिंग को लेकर दैनिक भास्कर में समाचार प्रकाशित किया गया था।

इन्होंने कर रखा है मैदान के अंदर कब्जा

नगर निगम ने मैदान में अवैध कब्जा करने वाले 17 लोगों को नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा गया है कि 24 घंटे में मैदान खाली नहीं किया गया, तो अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। मैदान में अवैध कब्जा करने वालों में मोहम्मद इकबाल, मोहम्मद शाहीन, शांति बाई, रामप्यारी सोनकर, राम सोनकर, रमा कश्यप, मीनू कश्यप, प्रमोद कश्यप, नीतू कश्यप, श्रीराम खटीक, राम कश्यप, रामप्यारी कश्यप, मधु कश्यप, कविता सोंधिया, महेश सोंधिया, शीतल रैकवार एवं गुड्डा कश्यप शामिल हैं।

सड़क पर खड़ी कार जब्त

अतिक्रमण दस्ते की टीम ने फूटाताल मैदान के सामने सड़क पर खड़ी एक कार को जब्त करने की कार्रवाई की है। अतिक्रमण विभाग के प्रभारी मनीष तड़से ने बताया कि सड़क पर कार खड़ी होने के कारण यातायात बाधित हो रहा था। इसके साथ ही सड़क पर वाहनों की पार्किंग करने वालों को चेतावनी भी दी गई है।

Created On :   7 Oct 2025 5:24 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story