- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- इन सड़कों पर चलकर कैसे होंगे गणपति...
Jabalpur News: इन सड़कों पर चलकर कैसे होंगे गणपति के दर्शन

- लापरवाही: गड्ढों में तब्दील हुईं शहर की प्रमुख सड़कें, अफसरों को कोई परवाह नहीं
- नगर निगम ने यहां पर तीन महीने पहले ही सड़क बनाई है।
Jabalpur News: गणेश उत्सव शुरू हुए 6 दिन बीत चुके हैं, अब अंतिम चार दिनों में श्रद्धालु भगवान गणेश के दर्शन करने शहर की सड़कों पर निकलेंगे। इसके बाद भी गड्ढों में तब्दील हो चुकीं शहर की प्रमुख सड़कों के गड्ढे नहीं भरे जा रहे। इनकी वजह से श्रद्धालु दुर्घटना का शिकार होंगे, लेकिन नगर निगम के अफसरों को इसकी कोई परवाह नहीं है।
प्रबुद्ध नागरिकों का कहना है कि हर साल नगर निगम के अधिकारी गणेश उत्सव के प्रारंभ से ही सड़कों के गड्ढों को भरवाने का काम शुरू कर देते थे। इससे श्रद्धालु आसानी से भगवान गणेश के दर्शन करते थे। शहर की ज्यादातर सड़कें तीन महीने पहले ही बनाई गई हैं। सभी सड़कें तीन साल की गारंटी पीरियड पर थीं, लेकिन ये तीन महीने भी नहीं टिक पाईं। नागरिकों का कहना है कि गणेश उत्सव के पहले इनका सुधार कार्य कराया जाए।
मालगोदाम चौक पर इतने गड्ढे कि बचना मुश्किल
मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म नंबर-6 के सामने मालगोदाम चौक पर इतने अधिक गड्ढे हो गए हैं कि इनसे वाहनों को बचाना मुश्किल है। शहर के मध्य में स्थित यह सड़क तीन महीने पहले ही बनाई गई है। तीन महीने में ही सड़क पूरी तरह से छलनी हो गई है। गणेश उत्सव के दौरान यहां से गुजरना मुश्किल होगा।
सुपर मार्केट से लार्डगंज तक सड़क के धुर्रे उड़े
त्योहार के समय शहर में सबसे ज्यादा भीड़ सुपर मार्केट से लेकर लार्डगंज चौक तक होती है। नगर निगम ने यहां पर तीन महीने पहले ही सड़क बनाई है। तीन महीने में ही सड़क के धुर्रे उड़ गए। गड्ढों की वजह से सड़क पर चलना मुश्किल हो रहा है। इनके कारण वाहनों का संतुलन बिगड़ रहा है।
चौथा पुल से भैंसासुर रोड पर गड्ढे ही गड्ढे
चौथा पुल से भैंसासुर रोड शहर और सदर को आपस में जोड़ती है। इस सड़क से श्रद्धालु भगवान गणेश के दर्शन के लिए शहर से सदर की तरफ जाते हैं। इस सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इससे वाहन चलाना मुश्किल हो रहा है। यह सड़क भी तीन महीने पहले ही बनाई गई है। ऐसे में श्रद्द्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
घमापुर से लकड़गंज की सड़क हो गई छलनी
घमापुर चौक से लकड़गंज के बीच 6 गणेश प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। यहां पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान गणेश के दर्शन के लिए आते हैं। यहां तीन महीने में ही सड़क पूरी तरह से छलनी हो गई है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। इसके बाद भी अभी तक इसके गड्ढों को नहीं भरा गया है।
ज्यादातर सड़कें बारिश की वजह से खराब हुई हैं। बारिश के बाद खराब सड़कों का नए सिरे से निर्माण कराया जाएगा। जल्द ही सड़कों का पेंचवर्क कराया जाएगा।
-कमलेश श्रीवास्तव, अधीक्षण यंत्री, ननि
Created On :   2 Sept 2025 4:51 PM IST