- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- आरए कोच लगाने के चलते घंटों लेट हुई...
Jabalpur News: आरए कोच लगाने के चलते घंटों लेट हुई दयोदय, ओवरनाइट व अमरावती एक्सप्रेस

Jabalpur News: एक ओर मथुरा-आगरा के बीच कराए जा रहे एनआई कार्य के चलते जबलपुर मंडल में समय पर रैक नहीं पहुँचने के कारण यहाँ से रवाना होने वाली ट्रेनें लगातार लेट हो रही हैं, वहीं दूसरी और शनिवार की रात अधिकारियों के आरए (स्पेशल) कोच लगाने के फेर में दयोदय एक्सप्रेस के साथ ही ओवरनाइट और अमरावती एक्सप्रेस लगातार दूसरे दिन देरी से रवाना हो सकीं।
जिससे समय पर स्टेशन पहुँचे यात्रियों को स्टेशन में ही करीब एक से डेढ़ घंटे इंतजार करना पड़ा। इस दौरान यात्रियों में आक्रोश देखा गया। पश्चिम मध्य रेल व जबलपुर मंडल के अधिकारियों के आरए कोच लगाने के अचानक निर्देश जारी होने के बाद जहाँ आनन-फानन में आरए कोच लगाने काम शुरू हुआ, वहीं इस काम में देरी होने के कारण ट्रेनें काफी देरी से रवाना हो सकीं।
डेढ़ घंटे देरी से रवाना हुई दयाेदय
बताया जाता है कि ट्रेनों में अधिकारियों के स्पेशल कोच लगाने के चक्कर में दयाेदय एक्सप्रेस जिसका निर्धारित समय 8.30 बजे है वह करीब पौने दस बजे रवाना हो सकी। वहीं अमरावती एक्सप्रेस भी 9.20 बजे के बजाय रात 10.30 बजे रवाना हुई और ओवरनाइट भी घंटों देरी से रवाना हुई।
ट्रेनों के लेट होने की पहले से जानकारी नहीं
स्टेशन पहुँचे यात्रियों में इस बात को लेकर आक्रोश था कि अगर ट्रेन लेट की जा रही थी तो यात्रियों को पहले से मैसेज किया जाना था मगर निर्धारित समय पर ट्रेन रवाना होने की पूरी संभावना के मद्देनजर वे समय से पहले स्टेशन पहुँच गए। ट्रेन चलने का इंतजार करना पड़ा, मगर ट्रेन समय पर रवाना नहीं हुई। इस दौरान कुछ यात्रियों ने ट्रेन लेट होने की जानकारी भी चाही लेकिन कोई अधिकारी या टीसी भी यह बताने तैयार नहीं था कि आखिर ट्रेन लेट क्यों की जा रही है।
अजब-गजब, अब ट्रेन के अंदर दिखा साँपा, मचा हड़कंप
जबलपुर से रवाना होकर सीएसएमटी मुंबई तक चलने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस के एक कोच में यात्रियों को साँप दिखने के बाद हड़कंप मच गया। अधिकारियों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी जब सर्प नहीं मिला तो उस कोच को अलग कर दूसरा कोच लगाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत दिवस जबलपुर से चलकर मंुबई जाने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस के काेच नंबर जी-3 के बर्थ नंबर 23 में एक साँप को देखकर यात्रियों में हड़कंप मच गया।
सर्प को देखने के बाद यात्री अपनी बर्थ छोड़कर दूसरी बर्थ में जाकर बैठ गए। इस दौरान किसी भी यात्री ने चैन की साँस नहीं ली। बताया जाता है कि उक्त कोच में कसारा रेलवे स्टेशन में सर्प देखा गया। इस दौरान रेलवे अधिकारियों को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद रेल अधिकारियों द्वारा कोच में काफी खोजबीन की गई मगर उन्हें कहीं सर्प नहीं दिखा।
इसके बाद छत्रपति शिवाजी टर्मिनस स्टेशन पहुँचने के बाद यात्रियों ने हंगामा मचाना शुरू कर दिया, जिसके चलते अधिकारियों ने उक्त कोच को काटकर अलग कर दिया और उसकी जगह दूसरा कोच लगाया गया।
Created On :   23 Sept 2024 6:48 PM IST















