- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- शिवाजी मैदान में दशहरा और दंगल पर...
Jabalpur News: शिवाजी मैदान में दशहरा और दंगल पर भी लगेगा किराया

- ये कैसा नियम: पहले कैंट बोर्ड नि:शुल्क देता था ग्राउंड, नागरिकों में आक्रोश
- आयोजन के लिए 50 हजार रुपए सिक्योरिटी डिपाॅजिट ली जाएगी
- नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही किराया वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
Jabalpur News: कैंट बोर्ड ने शिवाजी मैदान में दशहरा और दंगल के धार्मिक आयोजन का किराया 50 हजार रुपए प्रतिदिन कर दिया है। पहले कैंट बोर्ड द्वारा नि:शुल्क मैदान दिया जाता था, आयोजन के लिए 50 हजार रुपए सिक्योरिटी डिपॉजिट की जाती थी, जिसे वापस कर दिया जाता था। इस फैसले से सदर के नागरिकों में आक्रोश है। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही किराया वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
श्री धनुष यज्ञ रामलीला समिति के व्यवस्थापक अभिषेक चौकसे चिंटू और संरक्षक एड. प्रणव अवस्थी ने कहा है कि शिवाजी मैदान में पिछले 137 वर्षों से गंगा प्रसाद तिवारी बाजपेयी अखाड़ा का दंगल नि:शुल्क होता आ रहा है। दशहरा का भी शुल्क नहीं लिया जाता है। ये दोनों आयोजन गैर व्यावसायिक होते हैं। कैंट बोर्ड ने दोनों आयोजनों को व्यावसायिक बताते हुए उसका किराया 50 हजार रुपए प्रतिदिन कर दिया है।
कोर्ट के आदेश की भी अनदेखी
रामलीला समिति के अध्यक्ष सीताराम कुरचानिया और सचिव मधुर तिवारी ने बताया कि वर्ष 2022 में हाईकोर्ट ने रिव्यू पिटीशन में निर्देशित किया था कि श्री धनुष यज्ञ रामलीला समिति सदर, दशहरा, स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस के आयोजन के लिए शिवाजी मैदान नि:शुल्क दिया जाए। आयोजन के लिए 50 हजार रुपए सिक्योरिटी डिपाॅजिट ली जाएगी, जो वापसी योग्य होगी।
शपथ-पत्र देकर कहा- नहीं करेंगे व्यावसायिक गतिविधि
श्री धनुष यज्ञ रामलीला समिति एवं गंगा प्रसाद तिवारी बाजपेयी अखाड़े ने शपथ-पत्र देकर कहा है कि वे किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि संचालित नहीं करेंगे। कैंट बोर्ड अध्यक्ष को वर्ष 2016 की बोर्ड मीटिंग में दशहरा एवं दंगल को नि:शुल्क दिए जाने का प्रस्ताव पारित किए जाने की भी जानकारी दी गई।
कैंट बोर्ड अध्यक्ष को गुमराह कर पारित कराया प्रस्ताव
गंगा प्रसाद तिवारी बाजपेयी अखाड़ा के अध्यक्ष नरेश तिवारी ने कहा है कि कैंट बोर्ड अध्यक्ष को गुमराह कर बताया गया कि रामलीला और अखाड़ा समिति व्यावसायिक गतिविधियों का संचालन करती है। इस तरीके से किराया बढ़ाने का प्रस्ताव पारित करा लिया गया।
Created On :   8 July 2025 2:14 PM IST