- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- दूसरों को स्वच्छता का पाठ, इधर खुद...
Jabalpur News: दूसरों को स्वच्छता का पाठ, इधर खुद ही धुआं उगल रहीं निगम की कचरा गाड़ियां

Jabalpur News: नगर निगम को स्वच्छ वायु में देश में दूसरा स्थान मिला है। नगर के अधिकारी-पदाधिकारी अबकी बार स्वच्छ वायु के मामले में देश में नंबर वन आने के दावे और तैयारी कर रहे हैं। इस बीच शहर में चल रही कचरा गाड़ियों के हालात लोगों को हैरान कर रहे हैं।
जानकारों का कहना है कि शहर में नगर निगम में करीब 150 कचरा गाड़ियां ऐसी हैं, जो कंडम और खटारा हो चुकी हैं। ये शहर में धुआं फैलाते हुए चल रही हैं। इससे वायु प्रदूषण फैल रहा है। इसके बावजूद नगर निगम इन्हें नहीं बदल रहा है। नागरिकों का कहना है कि इस तरह की कंडम कचरा गाड़ियों को तुरंत बदला जाना चाहिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर निगम के पास 400 कचरा गाड़ियां हैं। इनमें से 150 कचरा गाड़ियां खटारा हो चुकी हैं। नियमित रख-रखाव नहीं होने के कारण ये धुआं उगल रही हैं। धुएं के कारण इनके पीछे चलना भी मुश्किल हो रहा है। इसके बाद भी नगर निगम के अधिकारी धुआं उगल रहीं कचरा गाड़ियों को सड़कों पर दौड़ा रहे हैं। इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
दिखावे के लिए हो रहा गाड़ियों का मेन्टेनेन्स
कचरा गाड़ियों की हालत बता रही है कि नगर निगम द्वारा दिखावे के लिए मेन्टेनेन्स का काम किया जा रहा है। हालत यह है कि कचरा गाड़ियां धुआं तो उगल ही रही हैं, वहीं रोज कहीं न कहीं ये खड़ी हो जाती हैं। इन गाड़ियों को टोचन करके नगर निगम की वर्कशॉप तक पहुंचाया जाता है। कई कचरा गाड़ियों में कचरा ढंकने के लिए ढक्कन तक नहीं हैं। इसके कारण खुले में कचरा परिवहन किया जा रहा है। जिस भी क्षेत्र से खुले में कचरा लेकर ये निकलती हैं, वहां पर दुर्गन्ध और बदबू फैल रही है।
जरूरत 500 की, वर्तमान में 400, उसमें से भी 150 कचरा गाड़ियां खटारा
नगर निगम को शहर के 79 वार्डों में कचरा उठाने के लिए 500 कचरा गाड़ियों की जरूरत है। वर्तमान में नगर निगम के पास 400 कचरा गाड़ियां हैं। उसमें से भी 150 कचरा गाड़ियां खटारा हो गई हैं। इसके कारण शहर में नियमित रूप से कचरा नहीं उठ पा रहा है।
40 नई कचरा गाड़ी खरीदने का प्रस्ताव
नगर निगम ने हाल ही में 40 नई कचरा गाड़ी खरीदने का टेंडर जारी किया है। नए वाहन आने से कचरा उठाने का काम तेजी से किया जा सकेगा। इसके साथ ही खटारा वाहनों को रिप्लेस करने का काम शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए योजना तैयार कर ली गई है।
नगर निगम द्वारा चरणबद्ध तरीके से नई कचरा गाड़ियों की खरीदी की जा रही है। पहले चरण में 40 नई कचरा गाड़ियां खरीदी जा रही हैं। दूसरे चरण में 40 और कचरा गाड़ी खरीदी जाएगी। नई गाड़ियां आते ही पुरानी और खटारा गाड़ियों को रिप्लेस कर दिया जाएगा।
- अंकिता बर्मन, स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम
Created On :   8 Nov 2025 4:04 PM IST












