- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- सर्दी की दस्तक, दिन-रात के तापमान...
Jabalpur News: सर्दी की दस्तक, दिन-रात के तापमान गिरे

Jabalpur News: शहर में नवंबर के दूसरे सप्ताह के साथ ही मौसम ने पूरी तरह से रंग बदल लिया है। अभी तक जहां हल्के बादल और बूंदाबांदी के आसार हर दिन बनते थे तो अब आगे तेज ठण्ड के आसार हैं। शहर के साथ आसपास के जिलों में सर्दी ने पूरी तरह से दस्तक दे दी है। शहर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान के साथ न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। दोनों तरह के तापमान सामान्य से कम दर्ज किये गये। न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री की गिरावट आई जिसमें यह 14.6 डिग्री दर्ज किया गया, यह सामान्य से एक डिग्री कम रहा।
न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री दर्ज किया गया, यह सामान्य से 2 डिग्री कम दर्ज किया गया। यह बीते दिन के मुकाबले 3 डिग्री नीचे रहा। शहर के आसपास अभी उत्तरी हवा सक्रिय है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
उत्तरी हवाएं बहने लगीं इसलिए नीचे आएगा पारा
मौसम विभाग के अनुसार 8 से 12 नवंबर के बीच किसी भी तरह का कोई सिस्टम आसपास सक्रिय नहीं होगा। इन हालातों में हवा की दिशा पूरी तरह से उत्तर और बीच में उत्तर-पूर्व रहेगी जिसमें तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। दीर्घावधि पूर्वानुमान में भी 20 तक किसी भी तरह से वर्षा की संभावना नहीं है। जबलपुर सहित पूर्वी मध्य प्रदेश के शहरों में, पहाड़ी राज्यों में जो बर्फबारी कुछ दिन पूर्व हुई उसका असर अब देखने मिल रहा है। तापमान में तेजी से आई गिरावट का असर जन जीवन पर पड़ने लगा है।
Created On :   8 Nov 2025 5:55 PM IST












