Jabalpur News: निगम ने अब ईयरली से मंथली कर दिया जलशुल्क, वसूल रहे अधिभार

  • पुराना टैक्स जुड़कर आ रहा, कोई सुधारने को तैयार नहीं
  • ई-नगर पालिका-2 साॅफ्टवेयर लागू होने के बाद बड़ी संख्या में पुराना टैक्स जुड़कर आ रहा है।

Jabalpur News: नगर निगम में अभी तक जलशुल्क ईयरली जमा होता था। अचानक जलशुल्क को ईयरली से मंथली कर दिया गया, जलशुल्क जमा करने पहुंच रहे करदाताओं से अधिभार भी वसूला जा रहा है। इसके साथ ही पुराना टैक्स भी जुड़कर आ रहा है, लेकिन कोई टैक्स में सुधार करने के लिए तैयार नहीं है। इससे करदाताओं की परेशानी बढ़ रही है। नगर निगम में अप्रैल-2025 से ई-नगर पालिका-2 सॉफ्टवेयर लागू किया गया है।

इस सॉफ्टवेयर में जलशुल्क को मंथली कर दिया गया है। हर महीने जलशुल्क जमा नहीं करने वालों पर अधिभार भी लगाया जा रहा है। अभी तक नगर निगम में जलशुल्क ईयरली ही जमा होता था। नगर निगम के अधिकारी ई-नगर पालिका-2 साॅफ्टवेयर में जलशुल्क को ईयरली नहीं करा रहे है। इससे करदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सीनियर सिटीजन को भी नहीं मिल रही छूट

नगर निगम द्वारा हर साल 30 सितंबर तक सीनियर सिटीजन को जलशुल्क में 25 प्रतिशत की छूट दी जाती थी। जलशुल्क मंथली कर दिए जाने के कारण सीनियर सिटीजन को भी छूट नहीं मिल पा रही है। ऑनलाइन टैक्स जमा करने वालों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

त्रुटि सुधार के लिए अफसरों के पास अधिकार नहीं

ई-नगर पालिका-2 साॅफ्टवेयर लागू होने के बाद बड़ी संख्या में पुराना टैक्स जुड़कर आ रहा है। हैरान करने वाली बात यह है कि त्रुटि सुधार के लिए अफसरों के पास अधिकार नहीं है। इसके कारण करदाताओं को जोन ऑफिस और मुख्यालय के चक्कर काटने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

Created On :   8 Sept 2025 3:54 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story