- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- बंद रही अनाज मंडी, निवाड़गंज में भी...
Jabalpur News: बंद रही अनाज मंडी, निवाड़गंज में भी रहा सन्नाटा

Jabalpur News: कृषि उपज मंडी गेट के समीप हुई व्यापारी के मुनीम से 19 लाख की लूट के विरोध में अनाज व तिलहन व्यापारी संघ के आह्वान पर गुरुवार को कृषि उपज मंडी में अनाज का व्यापार बंद रहा। इधर निवाड़गंज स्थित गल्ला मंडी में भी दुकानें बंद रहीं और हर तरफ सन्नाटा छाया रहा। हड़ताल पर बैठे व्यापारियों से मिलने गुरुवार दोपहर पुलिस अधिकारी पहुंचे और बीते 24 घंटे में हुई जांच का अपडेट देते हुए जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने का आश्वासन दिया जिसके बाद व्यापारी संघ का गुस्सा शांत हुआ और हड़ताल समाप्त हुई। अनाज व तिलहन व्यापारी संघ अध्यक्ष दीपक नौगरिया के अनुसार पुलिस के आश्वासन के बाद सभी व्यापारियों ने निर्णय लिया कि शुक्रवार से कृषि उपज मंडी समेत अन्य सभी गल्ला मंडियों में नियमित व्यापार शुरू कर दिया जाएगा।
व्यापारिक संगठनों ने किया समर्थन
इस घटना को लेकर जबलपुर चैम्बर ऑफ कॉमर्स, महाकोशल चेम्बर ऑफ कॉमर्स समेत कई व्यापारिक संगठनों ने वरोध जताते हुए आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है।
मिलने पहुंचे कांग्रेस नेता
गुरुवार को कृषि उपज मंडी में हड़ताल में बैठे व्यापारियों से मिलने कांग्रेस नेता भी पहुंचे। ननि नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, पार्षद हर्षित यादव, अन्नू तिवारी समेत अन्य ने व्यापारियों से चर्चा करने के बाद विजय नगर थाना प्रभारी से मुलाकात कर जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने की मांग की है।
भटकते रहे किसान और पल्लेदार
अनाज का व्यापार बंद होने के कारण आसपास के उपनगरीय क्षेत्रों के साथ दूसरे जिलों से आने वाले किसानों को परेशान होना पड़ा। इसी तरह पल्लेदार और मजदूर भी यहां-वहां भटकते हुए देखे गए। व्यापारियों ने पुलिस-प्रशासन से मांग की है कि कृषि उपज मंडी के आसपास सतत पेट्रोलिंग की जाए और संदेहियों की लगातार जांच की जाए जिससे दोबारा इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो सके।
Created On :   21 Nov 2025 4:41 PM IST












