Jabalpur News: फिर फूटी रमनगरा जलशोधन संयंत्र की मेन राइजिंग लाइन

फिर फूटी रमनगरा जलशोधन संयंत्र की मेन राइजिंग लाइन
आधे शहर में छाया जलसंकट, 12 घंटे पहले हुआ था सुधार कार्य

Jabalpur News: रमनगरा जलशोधन संयंत्र की मेन राइजिंग लाइन शनिवार देर रात फिर से फूट गई। मेन राइजिंग लाइन का 12 घंटे पहले ही सुधार कार्य पूरा किया गया था। इससे आधे शहर को रविवार सुबह पानी नहीं मिल पाया। रविवार शाम बायपास लाइन के जरिए पानी सप्लाई की गई, लेकिन आंशिक जलापूर्ति ही हो पाई। कोतवाली, मोतीनाला, देवताल और सूपाताल क्षेत्र में बिल्कुल भी पानी नहीं मिल पाया। नगर निगम ने सुधार कार्य शुरू कर दिया है। उल्लेखनीय है कि 25 सितंबर को रमनगरा जलशोधन संयंत्र की मेन राइजिंग लाइन बाजनामठ के पास फूट गई थी। इससे आधे शहर में जलसंकट छाया रहा। 10 दिन बाद मेन राइजिंग का सुधार कार्य पूरा हुआ। 4 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे सुधार कार्य करने के बाद मेन राइजिंग लाइन से पानी की सप्लाई शुरू की गई। 4 अक्टूबर को ही रात लगभग 12.15 बजे मेन राइजिंग लाइन फिर से फूट गई।

एमआईसी सदस्य ने किया निरीक्षण

महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू के निर्देश पर रविवार को एमआईसी सदस्य दामोदर सोनी ने मेन राइजिंग लाइन के सुधार कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सुधार कार्य तेजी से किया जाए। इस मौके पर पार्षद अनुराग दाहिया और जल विभाग के उपयंत्री अनुराग पाठक मौजूद थे।

इन क्षेत्रों में नहीं हुई जलापूर्ति

मेन राइजिंग लाइन फूटने से बिरला धर्मशाला, मेडिकल कॉलेज, त्रिपुरी, गुलौआ, राइट टाउन, रामेश्वरम, मनमोहन नगर, लक्ष्मीपुर, कोतवाली, आनंद नगर, लेमा गार्डन, सर्वोदय नगर, मदर टेरेसा नगर, बेदी नगर, मिल्क स्कीम, किलकारी गार्डन, न्यू शोभापुर, राजीव नगर, कोगवां, करमेता, शिवनगर, अमखेरा, रविन्द्र नगर, सुहागी और खैरी में रविवार सुबह पानी की सप्लाई नहीं हुई। रविवार शाम को भी कम पानी मिला। इसके साथ ही कोतवाली, मोतीनाला, देवताल और सूपाताल में बिल्कुल भी पानी नहीं मिला।

बार-बार क्यों फूट रही मेन राइजिंग लाइन

नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा रविवार को मेन राइजिंग लाइन को देखने पहुंचे। उन्होंने कहा कि बाजनामठ के पास मेन राइजिंग लाइन बार-बार क्यों फूट रही है। नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि मेन राइजिंग लाइन का सुधार कार्य घटिया तरीके से किया जा रहा है। इस मौके पर पार्षद मुकीमा याकूब अंसारी, सत्येन्द्र चौबे, अनुपम जैन, अख्तर अंसारी, कलीम खान, प्रमोद पटेल, तुलसा लखन प्रजापति, अभिषेक पाठक, प्रतीक चौकसे और दुर्गेश पाठक मौजूद थे।

Created On :   6 Oct 2025 6:07 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story