Jabalpur News: लोकतंत्र काे बचाना ही कांग्रेस का लक्ष्य

लोकतंत्र काे बचाना ही कांग्रेस का लक्ष्य
  • कांग्रेस की वोट न्याय यात्रा में पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने महंगाई
  • बेरोजगारी के साथ शराब के मुद्दे पर प्रदेश सरकार पर साधा निशाना
  • प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में शराब की खपत ज्यादा हो रही है

Jabalpur News: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान के तहत प्रदेश में कांग्रेस द्वारा वोट न्याय यात्रा की शुरुआत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की अगुवाई में मंगलवार को जबलपुर से हुई। पीसीसी चीफ श्री पटवारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने भाजपा और चुनाव आयोग द्वारा की जा रही वोट चोरी को उजागर करके जनता के सामने भाजपा का भंडाफोड़ कर दिया और जनता भी भाजपा की सच्चाई जान चुकी है, इसलिए अब लोकतंत्र को बचाना ही कांग्रेस पार्टी का लक्ष्य है, जिसमें हर स्तर पर लड़ाइयां लड़ी जाएंगी।

उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में शराब की खपत ज्यादा हो रही है, जिसका फायदा भाजपा को हो रहा है। यात्रा जैसे ही घंटाघर पहुंची पुलिस ने पहले ही बैरीकेडिंग कर रखी थी, जिस पर कांग्रेस कार्यकर्ता बैरीकेडिंग पार करने का प्रयास करने लगे, जिसकी वजह से पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई। मामला शांत होने के बाद जिला प्रशासन के जरिए राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

यात्रा में शहर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा, विधायक लखन घनघोरिया, पूर्व विधायक संजय शर्मा, विनय सक्सेना, सह प्रभारी लक्ष्मण सिंह, अभिषेक चिंटू चौकसे, दिनेश यादव, अभिषेक यादव, राकेश सैनी, अनुराग जैन गढ़ावाल, मनीष चंसोरिया, अतुल बाजपेई, मुकेश राठौर, यश घनघोरिया, मदन लारिया, समर्थ अवस्थी आदि उपस्थित थे।

कांग्रेस पार्षद दल ने किया स्वागत

यात्रा के शुरू होने पर नगर निगम में में नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा के साथ कांग्रेस पार्षद दल के अयोध्या तिवारी, संतोष पंडा, शफीक हीरा, वकील अंसारी, अनुपम जैन, सतेन्द्र चौबे, जितेन्द्र सिंह ठाकुर, संजय साहू व अन्य ने यात्रा का स्वागत करने के बाद उसमें शामिल हुए।

नेताओं के विवाद से गर्माया माहौल

यात्रा जैसे ही घंटाघर पहुंची तो प्रदेश अध्यक्ष के साथ जीप में खड़े होने की होड़ लग गई। इस दौरान एक कार्यकर्ता को धक्का देने के बाद कांग्रेस के दो वरिष्ठ नेताओं के बीच कहासुनी के बाद गाली-गलौज शुरू हो गई, जिससे माहौल गर्मा गया। हालांकि श्री पटवारी ने दोनोंं नेताओं को तत्काल शांत करा दिया जिससे विवाद नहीं बढ़ सका।

ग्रामीण क्षेत्रों से ज्यादा कार्यकर्ता पहुंचे

पीसीसी चीफ सड़क मार्ग से भोपाल से जबलपुर आए थे, जिनके साथ कांग्रेस के नवनियुक्त ग्रामीण अध्यक्ष संजय यादव भी मौजूद थे। शहपुरा से जबलपुर सीमा में प्रवेश करने के दौरान ग्रामीण कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राधेश्याम चौबे, वीरेन्द्र चौबे, राजेश तिवारी, विक्रम सिंह, रामेश्वर गिरी, रूपेन्द्र पटैल, शेखर सोनी, समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने श्री पटवारी का गर्मजोशी से स्वागत किया। यही वजह थी कि शहीद स्मारक पहुंचने तक शहर से ज्यादा ग्रामीण कांग्रेस कार्यकर्ता न्याय वोट यात्रा में नजर आए।

Created On :   27 Aug 2025 7:00 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story