jabalpur News: वृद्ध दम्पति को जहर पिलाकर नौकरानी ने लूटे जेवर

वृद्ध दम्पति को जहर पिलाकर नौकरानी ने लूटे जेवर
गोहलपुर थाने में नाैकरानी के खिलाफ दर्ज हुआ मामला

Jabalpur News । गोहलपुर थाना क्षेत्र में रहने वाले सिंचाई विभाग के रिटायर्ड कर्मचारी व उनकी पत्नी को घर में काम करने वाली नौकरानी ने जहर पिलाया और जेवर लूट लिए। तबीयत बिगड़ने पर दम्पति को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पता चला कि उन्हें जहर दिया गया था। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद वे शनिवार की रात थाने पहुंचे। थाने में वृद्ध दम्पति द्वारा बताए गये घटनाक्रम के आधार पर नौकरानी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शांति नगर गली नंबर 17 जेडीए काॅलोनी निवासी जवाहरलाल गुप्ता ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह सिंचाई विभाग के रिटायर्ड कर्मचारी हैं और अपनी पत्नी उषा के साथ रहते हैं। घर पर विगत 12 साल से संगीता सोनी खाना बनाने का काम करती थी। 17 मई को संगीता काम करने पहुंची तो दम्पति ने उससे चाय मांगी। संगीता ने उन्हें चाय बनाकर दी, चाय पीते ही घबराहट होने व तबीयत बिगड़ने पर दम्पति ने अपने भतीजे आयुष को फोन किया। उसके पहुंचने के पहले ही संगीता ने उषा गुप्ता के दोनों हाथ से सोने के कड़े व गले से सोने की चेन उतारी और भाग गई।

तीन दिन तक चला इलाज

दम्पति की तबीयत बिगड़ती देख आयुष दोनों को अस्पताल ले गया, जहां दोनों को भर्ती कर लिया गया। दोनों की हालत में सुधार होने पर बताया गया कि उन्हें जहर दिया गया था। समय पर इलाज नहीं मिलता तो उनकी जान को खतरा हो सकता था। हालत में सुधार होने पर 3 दिन बाद उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया।

नौकरानी की गतिविधियां संदिग्ध

अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद घर पहुंचने के बाद वृद्ध दम्पति द्वारा सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तो उसमें नौकरानी की गतिविधियां संदिग्ध नजर आ रही थीं। वहीं उस दिन से नौकरानी काम करने नहीं आ रही थी। दम्पति की रिपोर्ट पर पुलिस ने नौकरानी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Created On :   25 May 2025 10:48 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story