ड्यूटी से लौट रही नर्स को मारी गोली, हालत गंभीर

ओमती थाना क्षेत्र की घटना, आरोपी बीएचएमएस डॉक्टर हिरासत में

डिजिटल डेस्क जबलपुर। ओमती थाना क्षेत्र में रसल चौक से नागरथ चौक जाने वाले मार्ग पर बुधवार की सुबह ड्यूटी से लौट रही नर्स को उसके परिचित के बीएचएमएस डॉक्टर ने गोली मार दी। गोली नर्स की पसली में लगी जिससे उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सरेराह हुई फायरिंग से सड़क पर भगदड़ मच गयी। इस बीच राहगीर घायल युवती की मदद के लिए दौड़े और उसे ऑटो से अस्पताल पहुँचाया। उधर घटना के बाद मौके से फरार हुए आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मूलत: कटनी की रहने वाली माधुरी चौधरी उम्र 26 वर्ष कई वर्षों से नर्स का काम कर रही है। वह रसल चौक के पास किराए के मकान में रहती है। उसकी कटनी निवासी संदीप सोनी से दोस्ती थी। वह चरगवाँ स्थित एक निजी अस्पताल में बीएचएमएस डॉक्टर है। कुछ दिनोंं से दोनों के बीच किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी। मंगलवार की रात माधुरी की अस्पताल में ड्यूटी थी। ड्यूटी खत्म होने के बाद वह अस्पताल से पैदल अपने घर के लिए निकली थी। सुबह पौने 10 बजे के करीब समदडिय़ा होटल के पास उसे संदीप सोनी ने रोका और दोनों के बीच कहा सुनी होने के बाद संदीप ने पिस्टल से उस पर फायरिंग कर दी। घटना की जानकारी लगने पर पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुँचे और युवती के बयान दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया है।

ऑटो चालक ने पहुँचाया अस्पताल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फायरिंग होने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी थी। इस बीच वहाँ से गुजर रहे ऑटो चालक मो. इसरार अहमद ने युवती को घायलावस्था में पड़ा देख ऑटो से अस्पताल पहुँचाया।

पसली में फँसी गोली

जानकारी के अनुसार आरोपी ने काफी करीब से युवती पर फायर किया था और गोली युवती के पेट से घुसती हुई पसली में जाकर फँस गयी थी। चिकित्सकों ने पसली में फँसी गोली निकाली जिसके बाद युवती की हालत में सुधार होना बताया जा रहा है।

Created On :   7 Feb 2024 5:37 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story