Jabalpur news: फॉरेन में एजुकेशन के लिए ओबीसी स्टूडेंट्स को मिलेगी स्कॉलरशिप

डिजिटल न्यूज़ जबलपुर
फॉरेन के बड़े हायर एजुकेशन सेन्टर्स में पढ़ाई के लिए ओबीसी छात्र छात्राओं के लिए सुनहरा मौका है। पढ़ाई के लिए शासन उन्हें स्कॉलरशिप दे रहा है। आवेदक एक माह तक ओबीसी पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।
आर्थिक स्थिति के कारण विदेश में पढ़ाई का सपना पूरा नहीं कर पाने वाले मेधावी विद्यार्थियों को अब राज्य सरकार छात्रवृत्ति के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर दे रही है। मध्यप्रदेश शासन के पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने वर्ष 2026-27 के लिए विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना के तहत आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस वर्ष योजना के अंतर्गत कुल 50 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।
सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण ने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य पिछड़ा वर्ग के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के शिक्षण संस्थानों में उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करना है। छात्रवृत्ति मिलने से विद्यार्थियों को विदेश में अध्ययन के दौरान आर्थिक सहायता मिल सकेगी और वे अपनी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप बेहतर अवसर प्राप्त कर सकेंगे।
आनलाइन पोर्टल पर करना होगा आवेदन-
योजना का लाभ लेने के इच्छुक विद्यार्थी विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले विद्यार्थियों को योजना से संबंधित पात्रता शर्तों, जरूरी दस्तावेजों और चयन प्रक्रिया के नियमों की जानकारी प्राप्त करनी होगी। विभाग ने आवेदन और चयन की प्रक्रिया को अलग-अलग चरणों में पूरा करने की व्यवस्था बनाई है। विभाग के अनुसार आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद एक महीने तक प्राप्त होने वाले आवेदनों को पहले चरण के लिए सुरक्षित किया जाएगा। इसके बाद इन आवेदनों की जांच और पात्र विद्यार्थियों के चयन की प्रक्रिया शुरू होगी। एक महीने की अवधि पूरी होने पर पोर्टल को एक दिन के लिए अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा।
दूसरा चरण भी होगा-
इसके बाद दूसरे चरण के लिए फिर से आवेदन की सुविधा शुरू की जाएगी। दूसरे चरण में प्राप्त आवेदनों पर पहले चरण की चयन प्रक्रिया पूरी होने और निर्धारित सीटों की उपलब्धता के आधार पर विचार किया जाएगा। ऐसे में विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए जरूरी है कि वे योजना की शर्तों को ध्यान से पढ़कर समय पर आवेदन करें।
Created On :  
