Jabalpur News: दिसंबर में होगी शिक्षक पात्रता परीक्षा टीईटी, 34 हजार शिक्षक हो सकते हैं शामिल
डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शिक्षक पात्रता परीक्षा टीईटी दिसम्बर माह में कराने की कोशिश की जा रही है। इसके लिए शिक्षा विभाग ने माध्यमिक शिक्षा मंडल को जिम्मेदारी पहले ही सोंप दी है। इसके पूर्व तक इस परीक्षा का आयोजन कर्मचारी चयन मंडल के जिम्मे था। टीईटी के लिए मॉडल प्रश्नपत्र भी वेबसाइट में अपलोड कर दिए गए हैं। इसके जरिए शिक्षक वह पढ़ाई कर सकते हैं जिसके आधार पर प्रश्न पत्र तैयार होंगे।
न्यायालय के आदेश पर शिक्षकों से पात्रत परीक्षा ली जा रही है। इसके लिए शिक्षकों को 2 सालों के अंदर 6 मौके मिलेंगे। यही कारण है कि शिक्षक बहुत जल्दबाजी में नहीं हैं। जानकारी हासिल हुई है कि दिसम्बर में इस परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। फिलहाल प्रदेश के करीब 34 हजार शिक्षकों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया है जबकि पूरे प्रदेश की बात करें तो डेढ़ लाख शिक्षक हैं। जिन 34 हजार शिक्षकों ने टीईटी के लिए आवेदन किया है उनमें 20 हजार प्राईवेट स्कूलों के शिक्षक हैं और 14 हजार सरकारी शिक्षक हैं। इसका सीधा सा मतलब है कि सरकारी स्कूलों के शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा में रुचि नहीं है।
31 अगस्त 2028 तक मौका
बताया जाता है कि शिक्षकों को टीईटी पास करने के लिए 31 अगस्त 2028 तक 6 बार मौका दिया जाएगा। इसके लिए हर साल दो बार परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इस प्रकार अगस्त 2028 तक 6 बार परीक्षा कराई जाएगी और शिक्षकों को इसे पास करना आवश्यक होगा।
Created On :  
