jabalpur news: स्वच्छता में शहर ने लगाई लंबी छलांग, देश में 13वें से 5वें नंबर पर पहुंचे

नागरिकों के साथ ही नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों में खुशी का माहौल

jabalpur news । स्वच्छता में शहर ने लंबी छलांग लगाई है। स्वच्छ सर्वेक्षण में शहर देश में 13वें से 5वें नंबर पर पहुंच गया है। इसके साथ ही जबलपुर को सुरक्षित सफाई मित्र शहर की स्पेशल कैटेगरी में मिनिस्ट्रियल अवाॅर्ड मिला है। जबलपुर को ओवरऑल 12500 में से 11989 यानी 95.91 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं। इस कामयाबी से शहर के नागरिकों के साथ ही नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों में खुशी का माहौलहै।

गुरुवार को दिल्ली में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू की मौजूदगी में केन्द्रीय आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर और राज्य मंत्री तोखन साहू ने महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू और निगमायुक्त प्रीति यादव को अवाॅर्ड प्रदान किया। इस मौके पर उपायुक्त संभव अयाची, स्वास्थ्य अधिकारी अंकिता मिश्रा और सहायक यंत्री अभिनव मिश्रा भी मौजूद थे। महापौर श्री अन्नू ने बताया कि जबलपुर नगर िनगम ने स्वच्छ सर्वेक्षण के साथ-साथ वाॅटर प्लस, गार्बेज फ्री सिटी सहित अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य किया। सभी मापदंडों पर 100 में से 100 अंक प्राप्त किए, जो बड़ी उपलब्धि है।

ऐसे प्राप्त हुए अंक

निगमायुक्त प्रीति यादव ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 में 12500 में से कुल 11989 यानी 95.91 प्रतिशत अंक मिले। स्वच्छ सर्वेक्षण में 10 हजार में से 9 हजार 489 अंक, गार्बेज फ्री सिटी में 1300 में से 1300, ओडीएफ में 1200 में से 1200 अंक प्राप्त हुए।

इन क्षेत्रों में किया फोकस, तभी मिली बड़ी सफलता

निगमायुक्त प्रीति यादव ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए सामूहिक तैयारी की गई थी। स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए सिटी ब्यूटीफिकेशन, वायु गुणवत्ता में सुधार, डिवाइडरों की रंगाई-पुताई के साथ ही पौधारोपण, साफ-सफाई, सार्वजनिक शौचालयों की सफाई, डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन, उद्यानों का निर्माण, वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट, लैंडफिल साइट, वाॅटर प्लस के साथ ही तालाबों का संरक्षण किया गया।

शहर को बनाएंगे नंबर वन

महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा है कि जबलपुर को स्वच्छ सर्वेक्षण में देश में पांचवीं रैंकिंग मिली है। यह सफलता नागरिकों के सहयोग और अधिकारियों व कर्मचारियों की मेहनत से मिल पाई है। अब हम शहर को स्वच्छता में नंबर वन बनाने का प्रयास करेंगे।

17 जुलाई का दिन हमारे लिए शुभ

महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा है कि 17 जुलाई का दिन उनके लिए शुभ है। 17 जुलाई 2022 को उन्हें महापौर पद के चुनाव में विजय मिली थी। 17 जुलाई 2025 को शहर को स्वच्छ सर्वेक्षण में बड़ी कामयाबी मिली है। यह सफलता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के मार्गदर्शन में मिली है। इस सफलता में सांसदों, विधायकों और सभी पार्षदों का सहयोग रहा।

ओवर आॅल परफार्मेंस से मिली सफलता

पूर्व निगमायुक्त वेदप्रकाश का कहना है कि नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत से जबलपुर को स्वच्छ सर्वेक्षण में इतनी बड़ी सफलता मिली है। लोगों ने घरों के बाहर कचरा फेंकने की बजाय कचरा गाड़ियों में डाला, इसलिए जनता का सहयोग भी इसमें श्रेयस्कर रहा।

स्वच्छ सर्वेक्षण के समय स्वास्थ्य अधिकारी रहे संदीप जायसवाल का कहना है कि पिछले वर्ष जबलपुर को मिली 13वीं रैंकिंग से सबक लेते हुए शहर की स्वच्छता में सुधार के लिए कई प्रभावी कदम उठाए गए। गार्बेज फ्री सिटी, ओडीएफ, सिटी ब्यूटीफिकेशन, वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट, लैंडफिल साइट, कमर्शियल लोकेशन पर डस्टबिन और साफ-सफाई पर फोकस किया गया। वहीं स्वास्थ्य अधिकारी अंकिता बर्मन ने कहा कि नगर निगम की टीम ने सभी क्षेत्रों पर समान रूप से फोकस किया। यह सफलता उसी प्रयास का परिणाम है।पी-2

कब मिली, कौन सी रैंकिंग

वर्ष 2016- 63

वर्ष 2017 - 21

वर्ष 2018- 25

वर्ष 2019- 25

वर्ष 2020- 17

वर्ष 2021- 20

वर्ष 2022- 22

वर्ष 2023- 13

वर्ष 2024- 05


कब मिले, कितने मार्क्स

वर्ष 2016- 872/2000 43.6 प्रतिशत

वर्ष 2017- 1609.33/2000 80.46 प्रतिशत

वर्ष 2018- 3096/4000 77.40 प्रतिशत

वर्ष 2019- 3667/5000 73.34 प्रतिशत

वर्ष 2020- 4368.55/6000 72.81 प्रतिशत

वर्ष 2021- 3856.45/6000 64.27 प्रतिशत

वर्ष 2022 - 4677.88 /7500 62.37 प्रतिशत

वर्ष 2023 - 7761/9500 81.46 प्रतिशत

वर्ष 2024 - 11989 /12500 95.91 प्रतिशत

Created On :   17 July 2025 10:47 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story