तीन महीने बिना वेतन कराया काम, महिला ने बच्चे के साथ निगम के सामने दिया धरना

तीन महीने बिना वेतन कराया काम, महिला ने बच्चे के साथ निगम के सामने दिया धरना
महापौर ने अधिकारियों को भुगतान करने के दिए निर्देश

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। निगम मेें जारी वित्तीय संकट के चलते ठेका कर्मचारियों को भी वेतन देना मुश्किल पड़ रहा है। तीन महीने से वेतन नहीं मिलने से नाराज महिला ने बुधवार को अपने बच्चे के साथ निगम कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन शुरु कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में कर्मचारी सहित स्थानीय लोग यहां एकत्र हो गए। निगम कर्मचारियों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे सुनने के लिए तैयार नहीं थी।

निगम के सामने धरने पर बैठी महिला अलका चौहान का कहना था कि ठेका कर्मचारी के रूप में निगम अधिकारियों ने तीन महीने वार्ड नं. 48 में उससे सफाई कार्य करवाया, लेकिन अब वेतन भी नहीं दे रहे हैं। घर की माली हालत खराब है कई बार वेतन के लिए गुहार लगा चुकी हूं, लेकिन इसके बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। महिला द्वारा हंगामा किए जाने के बाद कर्मचारियों ने उसे काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह कर्मचारी की बात सुनने के लिए तैयार नहीं थी। लगातार रो रही महिला का आरोप था कि उससे कार्य करवाने के बाद भी वेतन देेने में आनाकानी की जा रही है।

सभी कर्मचारियों का यही हाल

निगम की बिगड़ी वित्तीय स्थिति के चलते सभी कर्मचारियों का यही हाल है। सबसे ज्यादा सफाई कर्मचारी परेशान है। महज 8 से 9 हजार रुपए महीने पर काम करने के बाद भी नियमित वेतन का भुगतान नहीं किया जा रहा है। कई कर्मचारियों को तीन-तीन महीने का वेतन नहीं दिया गया है।

इनका कहना है....

महिला द्वारा शिकायत करने के बाद अधिकारियों को वेतन का भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं।

-विक्रम अहके, महापौर नगर निगम

Created On :   24 Jan 2024 6:00 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story