- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- जलगांव
- /
- 2 मनपा कर्मचारी 5 हजार रुपए की...
Jalgaon News: 2 मनपा कर्मचारी 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों धराए, प्रशासन में हड़कंप

- मनपा प्रशासन में हड़कंप
- 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो नाशिक ने रंगे हाथों पकड़ा
Jalgaon News. महानगर पालिका के दो कर्मचारियों को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) नाशिक ने रंगे हाथों पकड़ा। शिकायत के अनुसार, शिकायतकर्ता (आयु 48 वर्ष) एक कर सलाहकार फर्म से जुड़े हैं। उन्होंने नए बस स्टैंड पर नवनिर्मित वातानुकूलित सार्वजनिक शौचालय के संचालन हेतु निविदा दायर की थी। निविदा प्रक्रिया के लिए 35,000 रुपए की जमानत राशि डीडी के माध्यम से मनपा को जमा की गई थी। बाद में शिकायतकर्ता ने उक्त अग्रिम राशि की वापसी हेतु 29 जुलाई 2025 को आवेदन प्रस्तुत किया।
इस प्रक्रिया के दौरान मनपा के क्लर्क आनंद जनार्दन चांदेकर (37 वर्ष) और नगर समन्वयक (संविदा कर्मचारी) राजेश रमन पाटिल (35 वर्ष) ने जमानत राशि वापसी के एवज में 5,000 रुपए रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने से इंकार कर 19 अगस्त 2025 को एसीबी में शिकायत दर्ज कराई।
एसीबी ने जाल बिछाकर कार्रवाई की। उसी दिन आरोपी चांदेकर ने शिकायतकर्ता से 5,000 रुपए की रिश्वत स्वीकार की और उसे पाटिल को देने के लिए कहा। इसी दौरान एसीबी ने दोनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भरत तांगड़े (एसीबी नासिक परिक्षेत्र) और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माधव रेड्डी के मार्गदर्शन में परिविक्षाधीन अधिकारी योगेश ठाकुर तथा पुलिस निरीक्षक हेमंत नागरे के नेतृत्व में की गई। ट्रैपिंग दस्ते में उपनिरीक्षक सुरेश पाटिल, पुलिस नाईक बालू मराठे और कांस्टेबल भूषण पाटिल शामिल थे। फिलहाल इससे मनपा प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।
Created On :   20 Aug 2025 6:37 PM IST