Katni News: कटनी में 3 करोड़ से ज्यादा का ‘वर्ल्ड कप क्रिकेट’ सट्टा पकड़ाया, हवाला जबके जरिए छत्तीसगढ़ के कांकेर मेन ऑपरेटर्स को भेजी जाती थी काली कमाई

कटनी में 3 करोड़ से ज्यादा का ‘वर्ल्ड कप क्रिकेट’ सट्टा पकड़ाया, हवाला जबके जरिए छत्तीसगढ़ के कांकेर मेन ऑपरेटर्स को भेजी जाती थी काली कमाई
कपड़ा व्यापारी अपने दो साथियों के साथ पहले दांव लगवाता और फिर छद्म खातों के जरिए करता था लेनदेन

डिजिटल डेस्क, कटनी। ऑन लाइन क्रिकेट सट्टा व हवाला के अंतर्राज्यीय नेटवर्क का खुलासा करते हुए पुलिस ने 3.29 करोड़ का क्रिकेट सट्टा पकड़ा है। यह राशि, 7 फरवरी से शुरू हुए वल्र्ड कप क्रिकेट टूर्नामेंट के बाद से अब तक इधर से उधर हुई है। मुख्य आरोपी नई बस्ती का कपड़ा व्यापारी योगेश बजाज है जो क्रिकेट पर ऑनलाइन दांव लगवाता था। पैसों का ऑनलाइन व अन्य माध्यमों से लेनदेन करने उसने अपने यहां काम करने वाले कर्मचारियों के नाम पर कई खाते खोल रखे थे। योगेश को उसके दो साथियों तरुण मोटवानी व अवधेश गुप्ता ने भी कई छद्म खाते उपलब्ध कराए हुए थे। पुलिस इस तरह के संदिग्ध खातों से अब तक 3 करोड़ 29 लाख 24 हजार रुपए का लेनदेन पकड़ चुकी है।

इस मामले में छत्तीसगढ़ के कांकेर के रहने वाले 2 लोगों मनीष एवं रोहित का भी नाम सामने आया है। योगेश ने इन दोनों से क्रिकेट सट्टा की ऑनलाइन मास्टर आईडी 20 प्रतिशत कमीशन पर हासिल की थी। सट्टेे की राशि योगेश 20 प्रतिशत कमीशन काटकर हवाला के जरिए मनीष एवं रोहित के पास हवाला के जरिए कांकेर (छत्तीसगढ़) भेजता था। क्रिकेट सट्टा और हवाला के इस बड़े मामले में पुलिस 18 फरवरी को पकड़े गए योगेश को जेल भेज चुकी है जबकि शुक्रवार रात पकड़े गए तरूण तथा अवधेश से पूछताछ कर रही है। मनीष एवं रोहित की गिरफ्तारी के लिए कांकेर पुलिस से संवाद शुरू हो चुका है।

ऐसे हुआ इस बड़े नेटवर्क का खुलासा

एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने शनिवार को पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि, एनकेजे थाना क्षेत्र अंतर्गत जुहली निवासी अमित दाहिया (29) ने 14 फरवरी को शिकायत की थी कि, वह नई बस्ती में बॉम्बे ब्यूटीफुल साड़ी सेंटर पर काम करता है। साड़ी सेंटर के मालिक योगेश बजाज द्वारा दुकान के कैश का लेनदेन की बात कहते हुए उसके नाम से बंधन बैंक, एचडीएफसी, तथा आईडीबीआई बैंक में खाते खुलवाए थे। इन खातों की पासबुक, चेकबुक व एटीएम कार्ड योगेश ने अपने पास ही रख लिए थे। इन खातों को खुलवाने अमित की आईडी पर एक सिम भी ली थी, जिसका उपयोग कर अत्याधिक पैसों का ऑनलाइन लेनदेन किए जाने की आशंका भी जताई थी। शिकायत पर माधवनगर में धारा 318(4), 319(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। जांच में अमित की शिकायत सही पाए जाने पर पुलिस ने पहले योगेश को गिरफ्तार किया और उससे कड़ाई से पूछताछ की। आरोपी योगेश ने अपने कर्मचारी अमित के साथ-साथ अपने स्वयं के नाम से तीन बैकों बंधन बैंक, एचडीएफसी तथा आईडीबीआई में कुल 14 खाते खुलवाए थे। खातो में लिंक सिम का उपयोग स्वयं के मोबाइल पर लगाकर वह ऑनलाइन लेनदेन करता था।

योगेश द्वारा बंधन बैंक के खातों में एक करोड़ 9 लाख, एचडीएफसी बैंक के दो खातों मे एक करोड़ 4 लाख 54 हजार एवं आईडीबीआई बैंक के खाते से 59 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए। सट्टे की रकम के लेनदेन के लिए योगेश द्वारा अन्य लोगों का खाता भी उपयोग किए जाने की बात सामने आई है। यह खाते उसे उसके दो साथियों तरुण मोटवानी व अवधेश गुप्ता ने उपलब्ध कराए थे। इन छद्म खातों में टांसफर किए गए पैसों के बदले तरूण व अवधेश तरूण से नगदी लेते थे। एसपी विश्वकर्मा ने बताया कि, उपयोग में आए खातों को होल्ड करा दिया गया है। योगेश द्वारा उपयोग किये गए अन्य व्यक्तियों के खातों में जमा 72 हजार रुपए कैश एकटीएम के जरिए निकालकर जब्त करने सहित कुल 5 लाख 52 हजार रुपए नगद, 3 चैक बुक, 3 एटीएम कार्ड तथा अलग-अलग व्यक्तियों के नाम की पास बुक और आरोपी का मोबाइल जब्त किया गया है।

वाट्एसप पर हवाला के नोटों का किया जाता था मिलान

एसपी विश्वकर्मा के अनुसार, योगेश द्वारा ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा की रकम भेजने के लिए हवाला कारोबारियों का सहारा लिया जाता था। अधिक मात्रा में कैश इक_ा हो जाने पर योगेश कांकेर (छत्तीसगढ़) में बैठ कर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा ऑपरेट कर रहे मनीष एवं रोहित को हवाला के माध्यम से किसी तीसरे व्यक्ति के माध्यम से भेजा जाता था। हवाला की रकम हैंडल कर रहा व्यक्ति योगेश को वाट्एसप पर नोटों की फोटो भेजता था। योगेश हवाला के नोट से मिलान कर उसके पास आए व्यक्ति को रुपया दे देता था। योगेश के मोबाइल पर विभिन्न प्रकार के चैट ग्रुप्स् एवं संदिग्धों से रुपयों के पैसों के हिसाब की जानकारी भी पुलिस को मिली है।

Created On :   21 Feb 2026 9:36 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story