- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- कटनी
- /
- व्यवसाई पर हमला के मामले में भाजपा...
Katni News: व्यवसाई पर हमला के मामले में भाजपा नेता सहित 6 आरोपी गिरफ्तार, आरोपी हर्ष पांडेय गिरफ्तारी के बाद पुलिस की सुरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती

Katni News: थाना माधवनगर अंतर्गत काली माता मंदिर के सामने विश्राम बाबा स्थित खाली प्लाट पर शहर के प्रतिष्ठित व्यवसाई मुकेश कुमार गुप्ता, उसके भाई तथा वाहन चालक के साथ रविवार सुबह १०.३० बजे मारपीट व कट्टा अड़ाकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में सोमवार को माधवनगर थाना पुलिस ने भाजपा नेता हर्ष पांडेय सहित ६ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद हर्ष बीमार हो गया उसे तत्काल शासकीय जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, पुलिस की सुरक्षा में उसका इलाज चल रहा है, अस्पताल से डिस्चार्ज होने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
यह है मामला-
विश्राम बाबा स्थित खाली प्लाट को लेकर रविवार सुबह १०.३० बजे दो पक्षों में विवाद हुआ था। जानकारी के अनुसार प्रतिष्ठित व्यवसायी मुकेश कुमार गुप्ता अपने भाई व ड्राइवर के साथ जब विश्राम बाबा स्थित खाली प्लॉट पर थे, तभी जमीन पर कब्जे को लेकर भारतीय जनता पार्टी से जुड़े नेता अपने समर्थकों के साथ लाठी-डंडे और घातक हथियार लेकर वहां पहुंचे और मुकेश उनके भाई व ड्राइवर को चारों तरफ से घेर कर उन पर हमला कर दिया। दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों ने प्रार्थी व उनके भाई तथा वाहन चालक के साथ एकराय होकर बलवा करते हुये गाली गलौच की थी व लाठी डण्डा से मारपीट कर कट्टा अड़ाकर जान से मारने की धमकी दी थी। घटना के बाद मुकेश कुमार गुप्ता पिता स्व. विश्वनाथ गुप्ता उम्र 50 वर्ष निवासी जायसवाल होटल के पास पन्ना मोड़ कुठला की रिपोर्ट पर माधवनगर थाना पुलिस ने रविवार दोपहर करीब २.३० बजे आरोपी रमेश शुक्ला, यज्ञवल शुक्ला, हर्ष पाण्डेय, अरमान द्विवेदी, मनोज कुशवाहा, कोका शुक्ला, मनु परौहा एवं अन्य 30 - 35 व्यक्तियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 191(2), 191(3), 296 (बी), 115(2)351 (3), 119(2),109(1),324 (4) एवं भादवि की धारा 147,148,307,329,427,294,323,506 के तहत अपराध क्रमांक्र ६०६/२६ दर्ज किया था।
यह भी पढ़े -झूलती बिजली की तारों के बीच जीने को मजबूर बालाजी नगर की जनता, विद्युत मंडल के ख़िलाफ़ आंदोलन की तैयारी
दूसरे पक्ष की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट-
इसी प्रकरण में दूसरे पक्ष की ओर से फरियादी रमेश कुमार शुक्ला पिता गौरीशंकर शुक्ला 66 साल निवासी.न्यू एसीसी कालोनी कटनी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी मुकेश गुप्ता ,राकेश गुप्ता, आशु गुप्ता एवं अज्ञात के विरुद्ध गंदी गंदी गालियां देकर मारपीट कर चोट पहुंचाने एवं जान से मारने की धमकी देने के आरोप में बीएनएस की धारा 296(बी), 115(2), 351(2), 324(2) एवं भादवि की धारा 294, 323,506,426 के तहत अपराध क्रमांक608/26 दर्ज किया था।
पुलिस ने गिरफ्तार किए ये आरोपी-
पीडि़त एक पक्ष प्रतिष्ठित व्यवसाई होने व आरोपी भाजपा नेता होने के कारण यह मामला काफी तूल पकड़ चुका है। कुछ आरोपी भाजपा नेता होने के कारण पुलिस के सामने भी इस मामले में सख्त कार्रवाई करना चुनौतीपूर्ण था। दूसरी ओर व्यवसाइयों की नाराजगी भी सामने आ रही थी। सोमवार को पुलिस ने मुकेश कुमार गुप्ता की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए आरोपी भाजपा नेता हर्ष पांडेय को गिरफ्तार कर लिया, अस्वस्थ प्रतीत होने पर उसे तत्काल शासकीय अस्पताल कटनी भेजा गया, डॉक्टर द्वारा उसे भर्ती कर लिया गया। जिसके बाद पुलिस ने प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों,नीलेश विश्वकर्मा पिता श्यामलाल विश्वकर्मा उम्र गली नं. 2 इन्द्रानगर थाना कुठला, चाहत सोनी पिता सुशील सोनी उम्र 18 वर्ष निवासी गली नं.3 इन्द्रानगर थाना कुठला, मनोज कुशवाहा पिता अजीत कुशवाहा उम्र 25 वर्ष निवासी चक्कीघाट रोड थाना कुठला, विकास गुप्ता पिता आशीष गुप्ता उम्र 25 वर्ष निवासी गल्लामण्डी पहरूआ थाना कुठला, सुधाकर गौतम पिता संतोष गौतम उम्र 30 वर्ष निवासी थाना कुठला के पीछे पुरैनी कुठला को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सुधाकर गौतम के कब्जे से घटना में प्रयुक्त आल्टो कार नं.एमपी 21 सीसी 4332 भी जब्त की है, अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
भाजपा की हो रही किरकिरी-
इस मामले में भाजपा नेताओं के नाम सामने आने पर पार्टी की भारी किरकिरी हो रही है। आरोपी रमेश शुक्ल, यज्ञवल शुक्ला, हर्ष पाण्डेय, कोका शुक्ला भाजपा से जुड़े हैं जबकि अरमान द्विवेदी का नाम राहुल बिहारी गैंग से जुड़ा है। इस घटना के बाद से लोगों के बीच यह चर्चा का विषय है कि भाजपा की आड़ लेकर कुछ लोग भू माफिया बनते जा रहे हैं व खाली प्लाटों व जमीनों पर कब्जा करने व खाली कराने के काम में लग गए हैं जिससे भाजपा की छवि पर बट्टा लग रहा है। गिरफ्तार किए गए एक आरोपी का नाम पहले माधवनगर थाना क्षेत्र में स्थित एक बॉक्साइड खदान से अवैध उत्खनन के मामले में काफी चर्चित रहा है।
Created On :   7 July 2026 2:33 PM IST













