आपदा प्रबंधन विभाग: आपदा प्रबंधन को लेकर जारी हुए 1,698 अलर्ट, जनवरी-जुलाई में आपदाओं से 137 लोगों की मौत

आपदा प्रबंधन को लेकर जारी हुए 1,698 अलर्ट, जनवरी-जुलाई में आपदाओं से 137 लोगों की मौत
  • 23 एनडीआरएफ-एसडीआरएफ की टीमें तैनात
  • बारिश का जोर जारी रहने का अनुमान
  • जून-जुलाई में आपदाओं से 84 लोगों की मौत

Mumbai News. राज्य में प्राकृतिक आपदाओं और दुर्घटनाओं से होने वाली जनहानि को रोकने के लिए राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र लगातार निगरानी कर रहा है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार जनवरी 2026 से अब तक 1 हजार 698 अलर्ट जारी किए जा चुके हैं। इनमें बिजली गिरने, अत्यधिक बारिश और भूस्खलन से संबंधित 285 अलर्ट शामिल हैं। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के के अधिकारी ने बताया कि भारतीय मौसम विभाग से प्राप्त पूर्व चेतावनियों और रियल-टाइम अलर्ट के आधार पर स्थानीय प्रशासन को तत्काल सूचनाएं भेजी गईं। साथ ही नागरिकों को भी संभावित आपदा से सतर्क करने के लिए अलर्ट जारी किए गए। अत्यधिक बारिश और बाढ़ की स्थिति से निपटने तथा नागरिकों की जान बचाने के लिए राज्य के संवेदनशील जिलों में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की कुल 23 टीमें तैनात की गई हैं।

जून-जुलाई में आपदाओं से 84 लोगों की मौत

विभाग के अनुसार इस वर्ष जून और जुलाई के दौरान बिजली गिरने, दीवार गिरने, पेड़ गिरने, बाढ़ के पानी में बहने और भूस्खलन जैसी घटनाओं में 84 लोगों की जान गई है। जनवरी से जुलाई के बीच विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं और दुर्घटनाओं में कुल 137 लोगों की मौत दर्ज की गई है। इसी अवधि में 505 पशुओं की भी मौत हुई है। पालघर, पुणे, ठाणे, रायगड, नागपुर, सिंधुदुर्ग, गडचिरोली और भंडारा समेत कई जिलों में बाढ़ की स्थिति के दौरान एसडीआरएफ, जिला प्रशासन और स्थानीय एजेंसियों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाया। कई स्थानों पर बाढ़ में फंसे नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।विभाग का कहना है कि इस साल औसत से अधिक बारिश होने के बावजूद समय पर जारी किए गए अलर्ट और राहत-बचाव अभियानों के कारण जनहानि और पशुधन की हानि को कम करने में मदद मिली है।

7 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान

मौसम विभाग के 7 अगस्त तक के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में बारिश का प्रभाव बना रहने की संभावना है। मुंबई महानगर क्षेत्र, कोंकण और घाट क्षेत्रों के अलावा मराठवाड़ा तथा मध्य महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भी बारिश होने का अनुमान है। इसे देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों से आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

बिजली गिरने के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील

राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने नागरिकों से मौसम विभाग की चेतावनियों और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। बिजली की तेज कड़कड़ाहट के दौरान खुले स्थानों पर जाने के बजाय सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से बाढ़ प्रभावित और खतरनाक क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जाने से बचने को कहा है। इसके अलावा बांधों से पानी छोड़े जाने की स्थिति में नदी किनारे रहने वाले नागरिकों को स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी चेतावनियों पर विशेष ध्यान देने और सतर्क रहने का आग्रह किया गया है।

Created On :   6 Aug 2026 10:14 PM IST

Tags

Next Story