दोहरी हत्या से दहली मुंबई: तेज आवाज में गाना बजाने पर टोकना पड़ा भारी, दो भाइयों ने की अपने भाई और उसके नाबालिग बेटे की चाकू घोंपकर हत्या

तेज आवाज में गाना बजाने पर टोकना पड़ा भारी, दो भाइयों ने की अपने भाई और उसके नाबालिग बेटे की चाकू घोंपकर हत्या
  • मृतक की घायल पत्नी और छोटा बेटा अस्पताल में भर्ती
  • आरोपियों और मृतक के बीच पहले भी एक साल से चल रहा पारिवारिक विवाद
  • पार्क साईट पुलिस जाँच में जुटी
  • मृतक की घायल पत्नी और छोटा बेटा अस्पताल में भर्ती, दो आरोपी गिरफ्तार

Mumbai News. मुंबई का विक्रोली पश्चिम इलाका गुरुवार की तड़के खून-खराबे से दहल उठा। राहुल नगर में एक ही घर के भीतर अपनों के ही खून से हाथ सानने की खौफनाक वारदात सामने आई है, जहाँ देर रात मोबाइल फोन पर तेज आवाज में गाना बजाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने देखते ही देखते नरसंहार का रूप ले लिया। दो सगे भाइयों ने गुस्से में आकर अपने ही भाई और 14 साल के मासूम भतीजे की चाकू घोंपकर निर्मम हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने आई मृतक की पत्नी और छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में पार्क साईट पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

तेज आवाज में गाना बजाने पर शुरू हुआ खूनी संघर्ष

पुलिस के अनुसार, विक्रोली के राहुल नगर इलाके में एक ही मकान में विश्वकर्मा परिवार के सदस्य रहते हैं। 6 अगस्त की सुबह तड़के परिवार के कुछ सदस्य फोन पर काफी तेज आवाज में गाने सुन रहे थे। सुनील विश्वकर्मा(40) ने इतनी देर रात तेज आवाज में बज रहे गानों पर आपत्ति जताई और गानों की आवाज धीमी करने या बंद करने को कहा। इसी बात पर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि गाली-गलौज और हाथापाई होने लगी। बात सिर्फ जुबानी जंग तक सीमित नहीं रही, बल्कि लात-घूसों से हमला शुरू हो गया और इसी दौरान गुस्साए भाइयों ने घर में रखा धारदार चाकू निकाल लिया।

चाकू घोंपकर की पिता-पुत्र की हत्या

आरोपियों ने सुनील विश्वकर्मा पर चाकू से दनादन कई वार कर दिए। अपने पिता को लहूलुहान देख जब उनका नाबालिग बेटा श्लोक विश्वकर्मा उन्हें बचाने दौड़ा, तो हमलावरों ने उस पर भी तरस नहीं खाया और मासूम श्लोक के पेट और छाती पर कई बार चाकू से वार किए। घर में चीख-पुकार सुनकर सुनील की पत्नी अंजू विश्वकर्मा और उनका छोटा बेटा विवान भी बीच-बचाव करने आए, तो आरोपियों ने उन पर भी चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद पूरे घर में अफरा-तफरी और खून की धारा बहने लगी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए और पुलिस को सूचना दी।

अस्पताल में दो को घोषित किया मृत, दो जिंदगी की जंग लड़ रहे

सूचना मिलते ही पार्क साईट पुलिस स्टेशन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल सुनील, श्लोक, अंजू और छोटे बेटे विवान को तुरंत घाटकोपर के राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने सुनील विश्वकर्मा और उनके बेटे श्लोक विश्वकर्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मृतक की पत्नी अंजू और छोटे बेटे विवान का इलाज राजावाड़ी अस्पताल में जारी है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

दो आरोपी गिरफ्तार, एक साल से चल रहा था विवाद

पार्क साईट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात को अंजाम देने वाले दो सगे भाइयों सुरेंद्र विश्वकर्मा और सूरज विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक सुनील और आरोपी सुरेंद्र व सूरज आपस में सगे भाई हैं और पिछले करीब एक साल से इनके बीच मामूली बात पर अक्सर पारिवारिक विवाद और कहासुनी होती रहती थी। उसी पुराने विवाद और देर रात तेज आवाज में गाना बजाने के तंज ने इस दोहरे हत्याकांड का रूप ले लिया।

पुलिस जांच में जुटी, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

पार्क साईट पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट्स और खूनी चाकू समेत कई अहम सबूत जुटाए हैं। पार्क साईट पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ हत्या और जानलेवा हमले की धाराओं में मामला दर्ज आगे को जाँच कर रही है। पुलिस हत्या की पूरी क्रोनोलॉजी और अन्य संभावित कारणों को स्पष्ट करने के लिए गहन जांच कर रही है।

Created On :   6 Aug 2026 10:17 PM IST

Tags

Next Story