सियासत गरमाई: संतोष देशमुख हत्याकांड मामले में वाल्मिक कराड को जेल में मिल रहा है स्पेशल ट्रीटमेंट - सुप्रिया सुले

संतोष देशमुख हत्याकांड मामले में वाल्मिक कराड को जेल में मिल रहा है स्पेशल ट्रीटमेंट - सुप्रिया सुले
  • कराड को नागपुर की सेंट्रल जेल में करें शिफ्ट
  • सुप्रिया सुले ने फडणवीस से की मांग
  • कैदियों और वकीलों के सिम कार्ड से संपर्क का आरोप

Mumbai News. बीड के मस्साजोग के सरपंच संतोष देशमुख हत्याकांड को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है। मामले के मुख्य आरोपी वाल्मिक कराड को बीड जिला जेल में राजनीतिक प्रभाव के चलते कथित तौर पर गैरकानूनी सुविधाएं दिए जाने का गंभीर आरोप लगाया गया है। संतोष देशमुख के भाई धनंजय देशमुख ने इस संबंध में जेल अधीक्षक को पत्र लिखकर शिकायत की है। धनंजय की शिकायत के आधार पर राकांपा (शरद) कार्याध्यक्ष एवं सांसद सुप्रिया सुले ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से कराड को बीड जेल से नागपुर सेंट्रल जेल भेजने की मांग की है।

कैदियों और वकीलों के सिम कार्ड से संपर्क का आरोप

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वाल्मिक कराड कथित तौर पर अन्य कैदियों के नाम पर जारी सिम कार्ड और वकीलों के सिम कार्ड के जरिए जेल के बाहर लोगों से संपर्क कर रहा है। इसके अलावा दोपहर के प्रतिबंधित समय में उसे जेल अधीक्षक के कार्यालय में बैठाकर नियमों के विपरीत वीडियो कॉल की सुविधा दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है। देशमुख ने बैरक नंबर 9 के पास मौजूद फोन के आसपास सीसीटीवी कैमरा नहीं होने का मुद्दा भी उठाया है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जेल के अंदर से ही बीड की परिस्थितियों पर प्रभाव डालने और अन्य आरोपियों की मदद से दहशत का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।

सुले बोलीं- यह न्याय प्रक्रिया का सीधा अपमान

सुप्रिया सुले ने इन आरोपों को गंभीर बताते हुए कहा कि यदि जेल के भीतर इस तरह की सुविधाएं दी जा रही हैं, तो यह न्याय प्रक्रिया का सीधा अपमान है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि वाल्मिक कराड को तत्काल बीड जेल से नागपुर सेंट्रल जेल भेजा जाए। सुले ने बीड जेल के सीसीटीवी फुटेज, कॉल लॉग और मुलाकात रजिस्टर जब्त कर वरिष्ठ स्तर पर जांच कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने कथित तौर पर आरोपी की मदद करने वाले जेल अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग भी की है। सुले ने कहा कि संतोष देशमुख के पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता है और इस मामले में वे लगातार आवाज उठाती रहेंगी।

Created On :   5 Aug 2026 10:20 PM IST

Tags

Next Story