- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- शरद गुट के जयंत पाटील के प्रदेश...
Mumbai News: शरद गुट के जयंत पाटील के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश के बाद नए दावेदारों के नाम आए सामने
- राजेश टोपे और शशिकांत शिंदे के नाम की चर्चा शुरू
- नए प्रदेश अध्यक्ष की खोजबीन जल्द होगी शुरू
Mumbai News. राकांपा (शरद) प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटील ने मंगलवार को पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर प्रदेश अध्यक्ष छोड़ने की पेशकश की तो उसके बाद शरद गुट में नए चेहरों को ढूंढने की कोशिश तेज हो गई है। सूत्रों का कहना है कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में से किसी एक को यह जिम्मेदारी दी जा सकती है। हालांकि पार्टी का युवा नेतृत्व रोहित पवार के समर्थन में खड़ा है। जबकि पार्टी अध्यक्ष शरद पवार किसी अनुभवी नेता को यह जिम्मेदारी दे सकते हैं। प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में राजेश टोपे और शशिकांत शिंदे सबसे आगे हैं।
नए प्रदेश अध्यक्ष की खोजबीन जल्द होगी शुरू
शरद गुट के सूत्रों के मुताबिक पिछले करीब डेढ़-दो साल से जयंत पाटील के लगातार प्रदेश अध्यक्ष बने रहने से पार्टी के नेताओं में इसको लेकर नाराजगी का माहौल देखा जा रहा था। इसी को देखते हुए पाटील ने मंगलवार को पुणे में पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर प्रदेश अध्यक्ष पद छोड़ने की पेशकश की थी। साथ ही पाटील ने किसी नए चेहरे को मौका देने की मांग शरद पवार से की थी। उसके बाद पार्टी अध्यक्ष पवार ने कहा था कि वह सभी से विचार करके नए प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर कोई फैसला लेंगे। हालांकि नए प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में राजेश टोपे, शशिकांत शिंदे, सुनील भुसारा, अमोल कोल्हे और रोहित पवार के नाम सामने आ रहे हैं।
राकांपा (शरद) के एक नेता ने बताया कि क्योंकि इसी साल अक्टूबर से पहले राज्य में स्थानीय निकाय के चुनाव होने वाले हैं, अगर जयंत पाटील प्रदेश अध्यक्ष पद छोड़ते हैं तो फिर पार्टी को इन चुनावों से पहले ही नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति करनी होगी। इस नेता ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर शरद पवार और सुप्रिया सुले ही कोई फैसला लेंगे।
Created On :   11 Jun 2025 9:21 PM IST