- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- मुख्यमंत्री चिकित्सा एवं सहायता...
वित्तीय सहायता: मुख्यमंत्री चिकित्सा एवं सहायता कक्ष होगा हाईटेक, अब 3 से 8 घंटे में मिलेगी इलाज की मंजूरी

Mumbai News. सोमदत्त शर्मा। आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य सरकार अब ऐसी आधुनिक ऑनलाइन व्यवस्था लागू करने जा रही है, जिसके तहत गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए वित्तीय सहायता सिर्फ 3 से 8 घंटे के भीतर मंजूर हो सकेगी। यह सुविधा मुख्यमंत्री चिकित्सा एवं सहायता निधि कक्ष के जरिए दी जाएगी। बहुत जल्द मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस इस व्यवस्था को हरी झंडी दिखाने वाले हैं। इस व्यवस्था के तहत मरीजों को कहीं भटकने की जरूरत नहीं होगी। वह सीधे नजदीकी अस्पताल में जाकर अपना पंजीकरण करवा सकेंगे। हर अस्पताल में आरोग्य दूत मौजूद रहेगा, जो मरीज की पूरी जानकारी ऑनलाइन सिस्टम में अपलोड करेगा।
पूरी प्रक्रिया होगी पेपरलेस और कैशलेस
नई प्रणाली पूरी तरह डिजिटल होगी। इसमें न तो फाइलों की जरूरत होगी और न ही मरीज या उसके परिजनों को मंत्रालय के चक्कर लगाने पड़ेंगे। यह प्रक्रिया पेपरलेस और कैशलेस होगी। इससे अस्पतालों के फर्जीवाड़े पर भी लगाम लग सकेगी।
- • सभी प्रक्रिया ऑनलाइन
- • सीधे वॉर रूम से मॉनिटरिंग
- • मरीज और अधिकारी के बीच सीधा संवाद
- • अस्पताल को सीमित जानकारी ही उपलब्ध
- • इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और फर्जीवाड़े पर भी रोक लगेगी
पहले लगते थे कई दिन, अब घंटों में काम
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में यह नई पहल शुरू की जा रही है। मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कक्ष के प्रमुख रामेश्वर नाईक के अनुसार पहले मरीजों को फाइल लेकर मंत्रालय के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे इलाज में देरी होती थी। अब वॉर रूम के जरिए पूरी प्रक्रिया की निगरानी होगी और तेजी से फैसले लिए जाएंगे। इस प्रक्रिया को अस्पताल में मौजूद आरोग्य दूत पूरा करेंगे। जैसे ही किसी भी मरीज की आईडी तैयार की जाएगी, उसकी जानकारी मंत्रालय में स्थापित किए गए वॉर रूम को मिल जाएगी। सरकार ने राज्य के करीब 3 हजार 800 अस्पतालों के साथ करार किया है। इसमें निजी अस्पताल भी शामिल हैं, जिससे गरीब मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा। अगर कोई निजी अस्पताल मरीज का इलाज करने के लिए इंकार करता है तो फिर उस अस्पताल पर कार्रवाई हो सकेगी। साथ ही, एक मोबाइल ऐप भी विकसित किया जा रहा है, जिसके जरिए मरीज अपने घर के पास उपलब्ध अस्पताल आसानी से खोज सकेंगे। यह पहल राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को तेज, सरल और ज्यादा प्रभावी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
Created On :   8 April 2026 10:14 PM IST












