Mumbai News: मुंबई से वोट डालने के लिए केरल रवाना हुए लोग, सपकाल और अमीन पटेल ने बस को दिखाई हरी झंडी

मुंबई से वोट डालने के लिए केरल रवाना हुए लोग, सपकाल और अमीन पटेल ने बस को दिखाई हरी झंडी
  • केरल समेत अन्य चार राज्यों में 9 अप्रैल को मतदान होना है
  • केरल जाने वाली बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया

Mumbai News. केरल समेत अन्य चार राज्यों में 9 अप्रैल को मतदान होना है। ऐसे में मुंबई में रह रहे केरल के नागरिक अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए मंगलवार को अपने गृह राज्य के लिए रवाना हुए। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल और मुंबा देवी के विधायक अमीन पटेल ने मुंबई से केरल जाने वाली बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर सपकाल ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का उत्सव है और इसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी हम सभी की है। उन्होंने कहा कि रोजगार के लिए मुंबई में रह रहे केरल के लोग मतदान के लिए अपने राज्य लौट रहे हैं, यह सराहनीय है।

कई लोग मतदान के दिन छुट्टी समझकर घूमने चले जाते हैं, लेकिन केरल के नागरिक जहां काम करते हैं, वहां से अपने राज्य जाकर मतदान करते हैं, यह एक सकारात्मक उदाहरण है। विधायक अमीन पटेल ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पर कई बार धनबल और अनियमितताओं के आरोप लगते हैं, ऐसे माहौल में मतदान के प्रति जागरूकता और भागीदारी बढ़ाना बेहद जरूरी है। पटेल ने कहा कि 100 प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी को प्रयास करना चाहिए। मेरे विधानसभा क्षेत्र के लोगों का मतदान प्रक्रिया में शामिल होना एक सराहनीय पहल है।

Created On :   7 April 2026 9:13 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story