- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- फिल्म धुरंधर द रिवेंज को ऑनलाइन लीक...
कॉपीराइट उल्लंघन: फिल्म धुरंधर द रिवेंज को ऑनलाइन लीक करने के मामले में महाराष्ट्र साइबर ने मामला किया दर्ज

Mumbai News. बॉलीवुड की हालिया चर्चित फिल्म “धुरंधर द रिवेंज” के ऑनलाइन लीक होने का मामला सामने आया है। इस गंभीर कॉपीराइट उल्लंघन को लेकर महाराष्ट्र साइबर ने अज्ञात शख्स के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि फिल्म को संगठित तरीके से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर फैलाया जा रहा था।साइबर पुलिस ने कॉपीराइट एक्ट की धारा 51 के तहत मामला दर्ज किया है, जो बिना अनुमति किसी फिल्म या कंटेंट के वितरण और प्रसारण को गैरकानूनी ठहराता है। अधिकारियों का कहना है कि यह मामला सिर्फ लीक तक सीमित नहीं, बल्कि अवैध कमाई से भी जुड़ा हुआ है।
जांच में यह खुलासा हुआ है कि टेलीग्राम पर कुछ लोगों ने विशेष ग्रुप और चैनल बना रखे थे, जहां इस फिल्म को डिमांड के आधार पर शेयर किया जा रहा था। इन चैनलों में यूजर्स को जोड़ने के बाद उनसे पैसे लेकर फिल्म उपलब्ध कराई जाती थी। यानी यह एक तरह का ‘पेड पायरेसी नेटवर्क’ बन चुका था।साइबर सेल के मुताबिक, आरोपी फिल्म भेजने के एवज में प्रति यूजर करीब 50 रुपये तक वसूल रहे थे। भुगतान के बाद इच्छुक लोगों को फिल्म डाउनलोड लिंक या फाइल सीधे भेजी जाती थी। इस तरीके से बड़ी संख्या में लोगों तक फिल्म पहुंचाई गई, जिससे फिल्म निर्माताओं को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है।अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क की तकनीकी जांच की जा रही है।
टेलीग्राम चैनलों, पेमेंट ट्रेल और डिजिटल फुटप्रिंट्स के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि इस रैकेट में कितने लोग शामिल हैं और क्या इसका कनेक्शन अन्य राज्यों या अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से है। महाराष्ट्र साइबर ने आम लोगों से अपील की है कि वे पायरेटेड कंटेंट देखने या शेयर करने से बचें, क्योंकि यह न सिर्फ गैरकानूनी है बल्कि मनोरंजन उद्योग को भी नुकसान पहुंचाता है।
Created On :   7 April 2026 7:51 PM IST











