- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- अंजली दमानिया ने कहा - जो लोग जानना...
चाय का ऑफर: अंजली दमानिया ने कहा - जो लोग जानना चाहते हैं कि सीडीआर कैसे मिला, घर पर आओ चाय पिलाकर बताऊंगी

Mumbai News. नाशिक के कथित ज्योतिष अशोक खरात मामले ने अब बड़ा राजनीतिक रूप ले लिया है। इस प्रकरण को लेकर पूरे राज्य में बयानबाजी तेज हो गई है, और इस विवाद के केंद्र में सामाजिक कार्यकर्ता अंजली दमानिया आ गई हैं। दमानिया ने खरात और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे एवं रुपाली चाकणकर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) सार्वजनिक करने का दावा किया तो उन पर सवाल उठने लगे कि उन्हें यह जानकारी कैसे मिली और क्या इस तरह सीडीआर निकालना कानूनी रूप से सही है। इस पर पलटवार करते हुए दमानिया ने कहा कि वह उन नेताओं को सीडीआर निकालने का लाइव डेमो दिखाने के लिए तैयार हैं। बस सवाल उठाने वालों को चाय पीने आना होगा।
नेताओं को चाय पर बुलाया
अंजली दमानिया ने कहा कि उनके मुंबई से बाहर होने के कारण कई नेताओं ने उन पर आरोप लगाए। अब वे मुंबई लौट आई हैं। उन्होंने सीडीआर पर सवाल उठाने वाले नेताओं सुषमा अंधारे, संजय राऊत और शशिकांत शिंदे पर सवाल उठाते हुए उन्हें सोमवार सुबह चाय पर बुलाने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि वह लाइव डेमो के जरिए नेताओं के सीडीआर दिखाएंगी। यह जानकारी उनके पास कैसे आई, इसकी पूरी प्रक्रिया भी समझाएंगी। उन्होंने कहा कि ये सब एआई टूल और क्लाउड का इस्तेमाल कर नंबर कैसे ट्रेस किए, इसका लाइव डेमो देंगी।दमानिया ने बताया कि उन्होंने डायरेक्टर जनरल स्तर के अधिकारी से मिलने का समय मांगा है। अगर उन्हें समय मिला तो वे यह पूरी जानकारी संबंधित अधिकारियों को भी सौंपेंगी।
यह भी पढ़े -प्रदेश सरकार ने किया स्पष्ट, एकल पदों पर नहीं लागू होगा आरक्षण - भरे जाएंगे छोटे संवर्ग के पिछड़ों के लिए आरक्षित पद
शशिकांत शिंदे ने स्वीकारा चाय का न्योता
इस विवाद के बीच राकांपा (शरद) प्रदेशाध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने दमानिया का चाय पर मिलने का न्योता स्वीकार कर लिया है। उन्होंने कहा कि वे जानना चाहते हैं कि दमानिया इतनी जानकारी कैसे जुटाती हैं। एक विपक्षी नेता के तौर पर यह जानकारी उनके लिए भी उपयोगी हो सकती है। वहीं शिवसेना (उद्धव) नेता सुषमा अंधारे ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते कई लोगों से बातचीत होती है, इसका गलत मतलब नहीं निकाला जाना चाहिए। हालांकि दमानिया की जानकारी को नजरअंदाज नहीं कर सकते। अंधारे ने यह भी माना कि दमानिया ने सीडीआर लीक को प्राइवेसी का उल्लंघन बताया और इस पर जिम्मेदारी से काम करने की जरूरत बताई
Created On :   6 April 2026 10:01 PM IST











